Moradabad News:टूटे मार्गों के गड्ढों में भरा पानी, ग्रामीण परेशान – Water Collects In Potholes On Damaged Roads; Villagers Face Hardship
बिलारी। ब्लॉक की न्याय पंचायत सहसपुर में आने वाले कई ग्रामों के मुख्य प्रवेश मार्गाें में गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में आबादी का पानी भर जाने से ग्रामीण अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। विकास विभाग और लोकनिर्माण विभाग के अधिकारी मुख्य प्रवेश मार्गों पर बने गड्ढे दूर करने को लेकर गंभीर नहीं हैं।
न्याय पंचायत सहसपुर के ढकिया नरु गांव में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से सब्जी बाजार में होता हुआ जो मुख्य प्रवेश मार्ग ढकिया नरु की आबादी में जा रहा है इस प्रवेश मार्ग के पूरब की दिशा में रेलवे की चाहरदीवारी है। चाहरदीवारी बन जाने की वजह से यहां की आबादी का पानी अक्सर नाली और सड़क पर भरा रहता है। पानी भरने से गड्ढे हो गए हैं और कीचड़ पसर गई है।
न्याय पंचायत सहसपुर के शेरपुर माफी गांव की आबादी में बिलारी नगर और मुंडिया भीकम की ओर से जो मुख्य प्रवेश मार्ग आ रहा है। इस पर खड़ंजा लगा हुआ है। आबादी के उत्तरी पूर्वी कोने पर खड़ंजा बीच में टूटकर गहरा गड्ढा बन गया है और इस गड्ढे में आबादी का पानी भरा रहता है। वाहनों के निकलने की वजह से यह गड्ढा और चौड़ा हो गया है।
न्याय पंचायत सहसपुर के खंडुआ गांव की आबादी की ओर जो मुख्य सड़क चंदौसी रेलवे लाइन वाले क्रॉसिंग की ओर से आ रही है यह डांबर वाली सड़क है लेकिन गांव की आबादी से कुछ ही पहले इस सड़क में गड्ढे बन गए हैं और निकट के घरों का पानी इन गड्ढों में भर जाने से ग्रामीणों को निकलने में काफी दिक्कत होती है।
– मेरे गांव ढकिया नरु में रेलवे की साइड के घरों का पानी तालाब तक पहुंचाने के लिए अभी तक नाली का निर्माण नहीं हो पाया है। घरों का पानी सड़क पर फैलने से निकलने में काफी दिक्कत होती है। – राम सिंह, ढकिया नरु
– मेरे गांव शेरपुर माफी में बिलारी नगर की ओर से जो खड़ंजे वाला मुख्य रास्ता जा रहा है इसी खड़ंजे में गहरा गड्ढा होने से साइकिल सवार और दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। – शरीफ अहमद, शेरपुर माफी
– चंदौसी रेलवे लाइन के क्रॉसिंग से खंडुआ को जाने वाली सड़क में रास्ते में कई स्थानों पर टूटकर गड्ढे बन जाने से ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। शिकायत के बाद भी लोनिवि के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। – रविंद्र सिंह, खंडुआ
वर्जन
ब्लॉक बिलारी की ग्राम पंचायतों को जाने वाले मुख्य प्रवेश मार्ग अधिकतर लोकनिर्माण विभाग के अधीन आते हैं। ऐसे कई प्रवेश मार्ग क्षेत्र पंचायत के कोटे से भी बनवाए गए हैं। जहां मुख्य प्रवेश मार्गों पर गड्ढे बन गए हैं वहां पंचायत सचिव को भेजकर जांच कराई जाएगी। प्रवेश मार्गों की मरम्मत के लिए कार्ययोजना बनाकर शीघ्र ही काम कराया जाएगा। – शकील अहमद, एडीओ, पंचायत ब्लॉक बिलारी
