Nainital News:प्रसव के बाद महिला की मौत के मामले में जांच शुरू – Investigation Launched Into Woman’s Death After Childbirth
12 नवंबर को महिला की मौत के बाद अगले दिन परिजनों और क्षेत्रवासियों ने अस्पताल के बाहर धरना देकर विरोध जताया था। जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की मौजूदगी में मामले में जांच का आश्वासन मिलने के बाद ही शाम को धरना समाप्त हुआ था। सोमवार को एसीएमओ डॉ. रजत भट्ट के नेतृत्व में माइक्रोबायोलॉजिस्ट समेत विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर अस्पताल पहुंचे। टीम ने सबसे पहले उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां महिला को उपचार के लिए रखा गया था। ओटी, आईसीयू और जनरल वार्ड की सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर अपने हैंडओवर में ली गई। इसके अलावा टीम ने मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपचार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। उन्होंने बताया कि मामले में अस्पताल के संबंधित डॉक्टरों और स्टाफ से भी पूछताछ की जाएगी।
जांच टीम में एसीएमओ के अलावा माइक्रोबायोलॉजिस्ट डाॅ. मणिभूषण पंत, महिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता त्रिपाठी, एसटीएच में गायनी विभाग की एचओडी डॉ. महिमा और बेस अस्पताल की फिजिशियन डॉ. विनीता निखुर्पा शामिल हैं। सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि टीम को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
