Palwal News:गन्ने का भाव बढ़वाने के लिए तेज होगा आंदोलन – Agitation To Be Intensified To Secure Higher Sugarcane Prices
30 नवंबर को शुगर मिल में होगी किसान पंचायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा पलवल ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 30 नवंबर को पलवल शुगर मिल परिसर में किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें आगामी आंदोलन की रणनीति घोषित की जाएगी। किसान नेताओं ने बृहस्पतिवार को जाट धर्मशाला में बैठक कर यह फैसला लिया।
किसान नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान, धर्मचंद घुधेरा, उदय सिंह सरपंच और रूपराम तेवतिया सहित अन्य नेताओं ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत, कृषि सब्सिडी में कटौती और बेमौसम बारिश से गन्ना उत्पादक किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं चीनी के दामों में बढ़ोतरी के बावजूद किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
किसान नेता मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि हरियाणा सरकार ने गन्ने के मूल्य में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है, जो किसानों को मंजूर नहीं है। जब पंजाब सरकार किसानों को 484 रुपये प्रति क्विंटल दे सकती है तो हरियाणा में भी गन्ने का भाव कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए।
किसान नेता धर्मचंद घुधेरा ने बताया कि 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से 30 नवंबर की पंचायत में अधिक-से-अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
