Palwal News:चौथे दिन भी अदालतों में काम ठप, वकीलों ने पुलिस को कोर्ट में घुसने से रोका – Work In Courts Remains At A Standstill For The Fourth Consecutive Day; Lawyers Prevented The Police From Entering The Court Premises
सोमवार को प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हथीन तहसील परिसर में वकील के मुंशी पर हुए जानलेवा हमले को लेकर शुरू हुआ वकीलों का विरोध चौथे दिन भी जारी रहा। पुलिस और वकीलों के बीच गतिरोध के चलते शनिवार को भी जिले की अदालतों में कामकाज प्रभावित रहा। पुलिस की ओर से दो आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने के बावजूद वकील अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
जिले की पलवल, होडल और हथीन अदालतों में रोजाना करीब 250 से 300 मामलों की सुनवाई होती है। इनमें पलवल में 10, होडल में तीन और हथीन में दो अदालतें लगती हैं। वकीलों की हड़ताल के कारण अदालतों में मामलों की पैरवी नहीं हो पा रही है। शनिवार को भी वकीलों के पेश नहीं होने पर विभिन्न मामलों में अगली तारीख दी गई। जमानत, रिहाई, गवाही और बहस जैसी महत्वपूर्ण कानूनी प्रक्रियाएं भी प्रभावित हुई। वहीं, आरोपियों को अदालत में पेश कराने के दौरान पुलिस को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अदालत परिसर के प्रवेश द्वार पर वकीलों के मौजूद रहने के कारण पुलिसकर्मियों को अंदर जाने से रोका जा रहा है।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक चौहान ने कहा कि वकीलों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मुंशी पर हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई वकीलों की मांगों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक बार एसोसिएशन की मांगें पूरी नहीं होतीं, पुलिसकर्मियों को कोर्ट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सोमवार को पुलिस और वकीलों के बीच सहमति नहीं बनी तो प्रदेश स्तर पर हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया जा सकता है।
एक माह तक गिरफ्तारी नहीं होने से बढ़ा विवाद
27 अक्तूबर को हथीन तहसील परिसर में करीब 25 से 30 युवकों ने एक वकील के मुंशी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने मुंशी से 40 हजार रुपये भी लूट लिए थे। पुलिस ने 28 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज की थी, लेकिन करीब एक माह तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वकीलों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद हथीन बार एसोसिएशन के आह्वान पर पलवल और होडल के वकील भी हड़ताल में शामिल हो गए। हड़ताल के दौरान वकीलों ने बृहस्पतिवार को जिला पुलिस मुख्यालय के बाहर एसपी का पुतला फूंका और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी भी की गई।
बिना जांच लूट की धाराएं हटाने का आरोप
हथीन बार एसोसिएशन के प्रधान मोहम्मद इकबाल जराली ने बताया कि मामले में कुल 30 आरोपी हैं, लेकिन आंदोलन शुरू होने के बाद पुलिस ने घटना के 29 दिन बाद केवल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना गहन जांच के लूट की धाराएं हटा दी गई। वकीलों की मांग है कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की धाराएं दोबारा जोड़ी जाएं और अदालत परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। डीएसपी रत्नदीप बाली ने बताया कि बार पदाधिकारियों से बातचीत जारी है। जल्द ही विवाद सुलझा लिया जाएगा।
कोट
मुंशी पर हमले के मामले में अब तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
– संजय कुमार, पुलिस प्रवक्ता
