Palwal News:नग्गर कॉलोनी को जलभराव से मिलेगी राहत – Naggar Colony To Get Relief From Waterlogging
सद्दाम हुसैन
पिनगवां। घरों के सामने जमा गंदा पानी, गलियों में फैली गंदगी और जलभराव से परेशान नग्गर कॉलोनी के लोगों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। वर्षों पुरानी जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्राम पंचायत पिनगवां ने वार्ड नंबर 1, 2 और 3 में सीवर लाइन डालने का काम शुरू कर दिया है। करीब 15 से 20 लाख रुपये की अनुमानित लागत से होने वाले इस कार्य को 10 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरपंच ललिता कुमारी ने बताया कि कॉलोनी में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नालियां बार-बार टूट जाती थीं। इसके चलते गंदा पानी गलियों और घरों के सामने जमा रहता था। लोगों की परेशानी को देखते हुए पहले पूरे क्षेत्र का लेआउट तैयार कराया गया और फिर सीवर लाइन डालने का निर्णय लिया गया। पंचायत की ओर से एनपी-3 पाइप का इस्तेमाल कर आधुनिक तकनीक से काम कराया जा रहा है।
सरपंच ने बताया कि पानी की निकासी के लिए आगे उचित स्थान पर व्यवस्था बनाने के साथ कुएं जैसी संरचना तैयार कर भूजल स्तर बढ़ाने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। पंचायत अपने स्तर पर यह परियोजना पूरी करा रही है, जिससे एक हजार से अधिक घरों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से घोषित सीवर परियोजना को लेकर भी बातचीत जारी है।
स्थानीय निवासी गुलाम, इसराइल और जफर ने बताया कि कई वर्षों से जलभराव के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता था।
