Panchkula News:नगर निगम में प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारी अब भी एचएसवीपी से मंजूर करा रहे छुट्टी – Employees On Deputation To The Municipal Corporation Are Still Getting Their Leave Approved By The Hsvp
पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से नगर निगम को स्थानांतरित हुए सेक्टरों में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार के पीछे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय की कमी सामने आई है। प्रतिनियुक्ति पर निगम में आए कर्मचारी यहां उपस्थिति तो लगा रहे हैं, लेकिन अवकाश की मंजूरी अब भी एचएसवीपी से ले रहे हैं। हाल ही में नगर निगम आयुक्त विनय कुमार के निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ।जानकारी के अनुसार एचएसवीपी से करीब 25 वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी नगर निगम में छह महीने की प्रतिनियुक्ति पर आए हैं। इनमें कनिष्ठ अभियंता, पर्यवेक्षक, तकनीकी अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। नियमानुसार इन्हें निगम के अधीन काम करना और अवकाश भी निगम से मंजूर करवाना है।
जेई को सूचना पत्र जारी, अवकाश रद्द
ताजा मामला सेक्टर-19 अभयपुर का है। यहां सीवरेज अवरुद्ध होने की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही थी। आयुक्त विनय कुमार ने मौके का निरीक्षण किया तो पता चला कि संबंधित कनिष्ठ अभियंता एचएसवीपी से अवकाश मंजूर करवाकर गए हुए थे। इसके बाद आयुक्त ने उन्हें सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए और उनका अवकाश रद्द कर तुरंत काम पर बुलाया।
वेतन एचएसवीपी से, जिम्मेदारी निगम की
एक अधिकारी के अनुसार प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों का वेतन अभी भी एचएसवीपी से निकल रहा है। हालांकि उपस्थिति, अनुपस्थिति और वेतन संबंधी जानकारी निगम को मिलनी चाहिए। इस समन्वय की कमी से क्षेत्रवार जिम्मेदारियों और विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है।
बॉक्स : एचएसवीपी को पत्र लिखेगा नगर निगम
नगर निगम अब एचएसवीपी से प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों की सूचना और अभिलेख मांगेगा। साथ ही स्पष्ट किया जाएगा कि भविष्य में सभी कर्मचारी अवकाश निगम से ही मंजूर करवाएं।
सेक्टरों के लोगों को सड़क, सीवरेज, सफाई और स्ट्रीट लाइट की शिकायतों के समाधान के लिए विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी।
एचएसवीपी से कुछ कर्मचारी प्रतिनियुक्ति पर नगर निगम में तैनात किए हैं। किसी कर्मचारी को एचएसवीपी में लीव अप्लाई कर काम से छुट्टी नहीं दी जा सकती। ऐसे मामले आने पर एचएसवीपी को पत्र लिखा गया है कि कर्मचारियों के बारे निगम को सूचना दी जाए। – विनय कुमार, आयुक्त
