Pauri News:जियालगढ़ में खाई में गिरी कार, बुजुर्ग महिला की मौत – Car Falls Into A Gorge In Jialgarh; Elderly Woman Dies
मां को लेकर देहरादून से गौचर जा रहा था बेटा, पत्नी सुरक्षित
झपकी आना बताया जा रहा दुर्घटना का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। देहरादून से गौचर ड्यूटी पर जा रहे बीआरओ कर्मचारी की कार शुक्रवार सुबह कीर्तिनगर थाना क्षेत्र के जियालगढ़ में एक होटल के समीप अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार शंकरी देवी (78) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनका बेटा और बहु सुरक्षित हैं। दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
कोतवाली निरीक्षक कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। इस पर एसएसआई कुंवर राम आर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने खाई में पेड़ों के बीच गिरी कार से तीनों सवारों को बाहर निकाला। घायल शंकरी देवी (78) पत्नी स्व. देवी प्रसाद को 112 की मदद से श्रीकोट स्थित अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार में किशनलाल (58) निवासी जोगीवाला, देहरादून, उनकी पत्नी ममता कपरवान (52) और उनकी मां शंकरी देवी सवार थीं। कोतवाल संजय मिश्रा ने बताया कि किशनलाल मूल रूप से उत्तरकाशी के रहने वाले हैं और वर्तमान में जोगीवाला, देहरादून में रहते हैं। वह गौचर में बीआरओ में कार्यरत हैं। शुक्रवार को वह अपनी मां और पत्नी के साथ देहरादून से ड्यूटी के लिए गौचर जा रहे थे। इसी दौरान जियालगढ़ में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। दुर्घटना का कारण झपकी आना बताया जा रहा है।
बदरीनाथ हाईवे पर दो कारों की भिड़ंत, बुजुर्ग की मौत, 13 लोग घायल
सभी को अस्पताल लाए, गंभीर तीन घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर गंगा दर्शन होटल के समीप दो कारों की टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से गंभीर तीन घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया।
कोतवाल देवप्रयाग कृष्णकांत आर्य ने बताया कि शुक्रवार दोपहर देवप्रयाग से तीन किमी आगे एक होटल के समीप लुधियाना, पंजाब से बदरीनाथ जा रही कार व पौड़ी से ऋषिकेश जा रही टैक्सी में टक्कर हो गई। टक्कर में बुजुर्ग मदनलाल भट्ट (69) ग्राम स्यालंगी, पट्टी सीतोनस्यू, विकासखंड कोट जनपद पौड़ी गंभीर घायल हो गए। उन्हें सीएचसी बागी ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई। वहीं घायलों में स्कॉर्पियो चालक लुधियाना निवासी बलविंदर पुत्र कृष्ण देव, जसप्रीत उर्फ ज्योति पत्नी बलविंदर, जनकपुरी गाजियाबाद निवासी कमल पुत्र गुरमेल सिंह, अनीता पत्नी कमल सिंह, शिविका पुत्री कमल, सानवी पुत्री कमल और अर्शवीर पुत्र बलविंदर शामिल हैं। इसके अलावा टैक्सी में सवार चालक ग्राम पोखरी मसनगांव पौड़ी निवासी संदीप रावत पुत्र यशवंत सिंह रावत, कांडी पौड़ी निवासी करण नेगी, आनंदी भट्ट, भावना पत्नी क्रांति नेगी, क्रांति नेगी और ग्राम पंडोरी पोस्ट लवाली पौड़ी निवासी कामिनी पुत्री हिम्मत सिंह घायल हुए हैं। इनमें से संदीप रावत, आनंदी भट्ट और भावना को गंभीर चोटें आने से उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।
