सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पीलीभीत

Pilibhit News:तेज आवाज में भजन बजाने के विवाद में युवक को पीटा – Youth Beaten In Dispute Over Playing Devotional Songs At High Volume

November 16, 2026


गजरौला। तेज आवाज में साउंड पर भजन बजाने को लेकर हुए विवाद में नौ लोगों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगा है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गजरौला थाना क्षेत्र के देवीपुरा गौटिया गांव निवासी महेंद्र पाल ने गजरौला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई रामऔतार नौ नवंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे गांव में स्थित अपने दूसरे घर में अकेले साउंड सिस्टम पर भजन बजा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के राजेंद्र सिंह, कमलेश, शमशेर, जयप्रकाश, आकाश, शिवम, सुनील, सचिन और विपिन लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। साउंड की तेज आवाज को लेकर गाली-गलौज करते हुए सभी ने रामऔतार पर हमला कर दिया।

शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। गंभीर हालत में परिजनों ने एंबुलेंस से रामऔतार को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद हालत नाजुक देखते हुए अगले दिन निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि थाना पुलिस को विवेचना शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X