रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Pratapgarh News:आमने-सामने भिड़ीं बाइक, दो युवकों की मौत, तीन घायल – Bikes Collide Head-on; Two Youths Killed, Three Injured
प्रतापगढ़

Pratapgarh News:आमने-सामने भिड़ीं बाइक, दो युवकों की मौत, तीन घायल – Bikes Collide Head-on; Two Youths Killed, Three Injured

November 25, 2026


लीलापुर के लक्ष्मणपुर मार्ग पर मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा।

लीलापुर थाना क्षेत्र के पूरे पांडेय पतुलकी निवासी चित्रभान सिंह (45), संदीप सिंह (34) और आदित्य सिंह (32) मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पतुलकी निवासी सम्राट सिंह (15) और लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सादासई निवासी अनुराग सिंह (18) दूसरी बाइक से सामने की ओर से आ रहे थे।

लीलापुर थाना के सगरा सुंदरपुर के समीप लक्ष्मणपुर रोड पर दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांचों बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था।

आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे। पुलिस की मदद से सभी को ट्रॉमा सेंटर ले गए। यहां चिकित्सकों ने चित्रभान और संदीप को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य और सम्राट को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अनुराग का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ट्रॉमा सेंटर में मची अफरातफरी

दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन गमजदा हो गए। देखते ही देखते लालगंज ट्रॉमा सेंटर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घरवाले घायलों को तलाशते रहे। कोई कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं था। मृतक के परिजनों को लोग ढांढ़स बंधाते रहे।

वर्जन-

दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हुई है। घायल बाइक सवारों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे को लेकर दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। – राजीव द्विवेदी, सीओ लालगंज

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X