Rampur News:छात्रवृत्ति आवेदन लंबित मिले तो कॉलेजों की मान्यता पर भी आएगी आंच – If Scholarship Applications Are Found To Be Pending, The Accreditation Of The Colleges Could Also Be At Risk
रामपुर। दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के आवेदन लंबित रखने वाले शिक्षण संस्थानों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी ने सभी संस्थानों को 25 नवंबर 2026 की शाम तक अपने लॉगिन पर लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
तय समय सीमा के बाद भी आवेदन लंबित मिलने पर प्रबंधक, प्रधानाचार्य और छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबद्धता एजेंसी के माध्यम से मान्यता प्रत्याहरण की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
सूरज कुमारी के मुताबिक, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में आवेदन संस्थान स्तर पर लंबित हैं। 23 नवंबर तक की समीक्षा में भगवान देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में सभी वर्गों के सबसे अधिक आवेदन लंबित मिले हैं।
इसके अलावा भगवान देवी इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, सुभाष स्मारक डिग्री कॉलेज रामपुर, खालसा महाविद्यालय मिलक, गुरुकुल महाविद्यालय बिलासपुर, सावित्री देवी पीजी कॉलेज सरकथल, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब राजकीय डिग्री कॉलेज, श्रीमती शांति चौहान स्मारक डिग्री कॉलेज, ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन नरायनपुर टांडा, डॉ. रामबहादुर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज रामपुर और इंटीग्रल डिग्री कॉलेज रामपुर में भी आवेदन लंबित पाए गए हैं।
अन्य सभी कॉलेजों को भी अपना लॉगिन जांचकर एक भी आवेदन लंबित न रखने की चेतावनी दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के हित से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसमें लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी संस्थान के लॉगिन पर आवेदन लंबित मिलने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
