रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:दो सड़क हादसों में दंपती और बच्ची समेत छह घायल – Six Injured, Including A Couple And A Child, In Two Road Accidents

November 26, 2026


बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दंपती और उनकी छह साल की बेटी समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पहली घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे की है। हल्द्वानी निवासी मोहम्मद जुनेद स्कूटी से नगर निवासी एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। स्कूटी पर उनकी पत्नी रूबी और छह साल की बेटी जुनैरा भी सवार थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर में माटखेड़ा रोड पर ओवरब्रिज के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल हो गए।

दूसरी घटना नगर से करीब पांच किलोमीटर दूर केमरी रोड पर धावनी हसनपुर गांव के पास हुई। सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में बाइक सवार मुकेश निवासी राधे निवास कॉलोनी नियंत्रण खो बैठे और बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में मुकेश के साथ बाइक पर बैठे ग्राम नगरिया कलां का मजरा निवासी संतोष और सज्जाद भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मणिक अग्रवाल ने बताया कि घायल संतोष के पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका है, इसलिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

किसी भी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। सीओ पीपी सिंह ने बताया कि फिलहाल मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X