शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:प्रभारी निरीक्षक का महिला को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल – Video Of Inspector-in-charge Slapping A Woman Goes Viral

November 3, 2026


स्वार (रामपुर)। मिलक खानम थाना क्षेत्र के गांव नानकारैन में गेट लगाने को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच हुए विवाद के दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही महिलाएं आपस में भिड़ गईं। बीचबचाव करने पहुंचे प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार भी एक महिला से उलझ गए। इस दौरान महिला को धक्का देने और हाथ उठाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती।

रविवार को हुए विवाद की सूचना पर पहले पीआरवी पुलिस गांव पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।

आरोप है कि पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। प्रभारी निरीक्षक ने बीचबचाव कर उन्हें अलग करने का प्रयास किया तो एक महिला उनसे भी उलझ गई। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां बाद में उनके बीच समझौता हो गया।

घटना के दौरान किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में प्रभारी निरीक्षक महिला को धक्का देते और थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचकर बीचबचाव करा रहे थे। मामले की जांच कराई जाएगी।

000

थाना क्षेत्र के नानकारैन गांव में दो पक्षों में मारपीट चल रही थी। वहां एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष की महिला को बुरी तरह पीट रहे थे। मौके पर पहुंचकर महिला को बचाया था। मैंने किसी महिला को थप्पड़ नहीं मारा। वीडियो एआई से एडिट किया हुआ लग रहा है। -नरेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक, थाना मिलक खानम

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X