Rampur News:मकान बेचने के नाम पर दो लोगों से ठगे रुपये, चार पर रिपोर्ट – Money Swindled From Two People Under The Pretext Of Selling A House; Case Registered Against Four Individuals.money Swindled From Two People Under The Pretext Of Selling A House; Case Registered Against Four Individuals
केमरी। मकान बेचने का झांसा देकर 14 लाख रुपये बयाना लेने और बाद में उसी मकान का बैनामा दूसरे व्यक्ति के नाम कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के ग्राम जिवाई जदीद निवासी नरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, उत्तराखंड के नैनीताल जिले के उम्मेदपुर गांव निवासी स्नेही देवी अपने पति रविशंकर चौबे और बेटे दिवाकर चौबे के साथ उनके पास पहुंचीं। उन्होंने अपना मकान बेचने की बात कही।
बातचीत के बाद मकान का सौदा 20 लाख रुपये में तय हुआ। आरोप है कि बीती पांच अक्तूबर को स्नेही देवी और उनके पति ने 14 लाख रुपये नकद बयाने के तौर पर ले लिए। इसके अलावा विश्वास के तौर पर सात-सात लाख रुपये के दो चेक भी दिए गए। शेष छह लाख रुपये का भुगतान 20 अक्तूबर को बैनामे के समय होना तय हुआ था।
आरोप है कि तय तारीख से पहले बैनामा कराने की बात कहने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। इस पर 12 अक्तूबर को नरेंद्र पाल सिंह आरोपियों के घर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। फोन से संपर्क करने का प्रयास भी किया, मगर बात नहीं हो सकी।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में जानकारी मिली कि आरोपियों ने इसी मकान के सौदे में एक अन्य व्यक्ति से भी ढाई लाख रुपये बयाने के तौर पर ले रखे थे। इतना ही नहीं, 15 अक्तूबर को कथित तौर पर जीशान के साथ मिलीभगत कर मकान का बैनामा उसके नाम करा दिया गया। इस तरह एक ही मकान को बेचने के नाम पर दो लोगों से रकम लेने का आरोप है।
नरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, जब उन्होंने अपनी 14 लाख रुपये की रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
