शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:25 हजार के चेक पर खाते से कटे ढाई लाख रुपये – Rs 2.5 Lakh Deducted From Account Against A Rs 25,000 Cheque

November 20, 2026


रामपुर। मसवासी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में चेक भुगतान के दौरान बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 25 हजार रुपये के चेक के बदले ढाई लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। खाते से दस गुना अधिक रकम कटने का मैसेज मिलते ही चेक जारी करने वाले के होश उड़ गए।

उसने तत्काल संबंधित व्यक्ति को फोन कर जानकारी दी। मामला बैंक तक पहुंचा तो कर्मचारियों में खलबली मच गई। बैंक प्रबंधन ने अतिरिक्त भुगतान को तकनीकी खामी बताते हुए संबंधित खाते को होल्ड कराने की बात कही है।

मसवासी नगर में आंबेडकर पार्क के नजदीक मोहम्मद जुनैद की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। जुनैद के मुताबिक, बाजपुर निवासी राजा ने उससे 25 हजार रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदा था।

भुगतान चेक से करने की बात हुई तो जुनैद ने अपने परिचित मोहम्मद रेहान के नाम से चेक बनवाने को कहा। इसके बाद राजा ने नैनीताल बैंक बाजपुर का 25 हजार रुपये का चेक रेहान के नाम से जारी कर दिया। जुनैद अपने परिचित रेहान के साथ मसवासी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पहुंचा और चेक जमा करा दिया।

कुछ देर बाद राजा के मोबाइल पर खाते से ढाई लाख रुपये कटने का मैसेज पहुंचा। मैसेज देखकर वह हैरान रह गया। उसने तत्काल जुनैद को फोन कर मामले की जानकारी दी और खाते से कटी रकम के मैसेज का स्क्रीनशॉट भी व्हाट्सएप पर भेज दिया। जुनैद ने रेहान से संपर्क कर खाते में पहुंची रकम के बारे में जानकारी की तो पता चला कि उसके खाते में ढाई लाख रुपये ट्रांसफर हुए हैं।

जुनैद का आरोप है कि उसने रेहान से 25 हजार रुपये से अधिक की रकम लौटाने को कहा, लेकिन उसने टालमटोल शुरू कर दी और अतिरिक्त रकम वापस करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद जुनैद बैंक पहुंचा और कैशियर को पूरे मामले से अवगत कराया। शिकायत के बाद बैंक में खलबली मच गई और कर्मचारी मामले को सुलझाने में जुट गए।

कार्यवाहक शाखा प्रबंधक अभिराज शर्मा ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण रेहान के खाते में अधिक रकम ट्रांसफर हो गई थी। संबंधित खाते को होल्ड करा दिया गया है। उन्होंने मामले में पुलिस को तहरीर दिए जाने की बात भी कही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X