रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:गुजरवास-रेवाड़ी बस सेवा अनियमित, दैनिक यात्रियों को हो रही परेशानी – Gujarwas-rewari Bus Service Is Irregular, Causing Inconvenience To Daily Commuters

November 24, 2026


कोसली। गुजरवास से रेवाड़ी वाया नाहड़, नेहरूगढ़, झाड़ौदा, खेड़ी और कंवाली रोडवेज बस सेवा नियमित रूप से संचालित नहीं होने के कारण दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस का निर्धारित समय नहीं होने और बिना पूर्व सूचना के रूट रद किए जाने से यात्रियों में रोष है।

दैनिक यात्री विजय कुमार, चिंटू, मनीष, सोनू, हरिओम ने बताया कि उन्हें रोजाना रोजगार, पढ़ाई और जिला मुख्यालय में जरूरी कार्यों के लिए रेवाड़ी जाना पड़ता है।

धर्म सिंह गोस्वामी, रोहित और अमित ने बताया कि बस सेवा अनियमित होने के कारण उन्हें निजी वाहनों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।

ग्राम पंचायत नेहरूगढ़ के सरपंच आशीष प्रजापति ने बताया कि 18 सितंबर को हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक, रेवाड़ी को पत्र लिखकर कोसली से रेवाड़ी वाया नेहरूगढ़, झाड़ौदा और खेड़ी बस सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की गई थी।

सड़क हादसे के कारण यह सेवा बंद हो गई थी। पत्राचार के बाद बस दोबारा शुरू हुई, लेकिन कुछ दिन नियमित चलने के बाद फिर अनियमित हो गई। कई बार बस नहीं आती तो कभी बिना सूचना के रूट रद कर दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि सुबह इस रूट पर सैकड़ों यात्रियों को आवागमन करना होता है। सरपंच ने रोडवेज महाप्रबंधक से मांग की है कि बस सेवा को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित चलाया जाए।

साथ ही दिन के समय वापसी के लिए एक अतिरिक्त बस भी चलाई जाए, जो झाड़ौदा और नेहरूगढ़ होते हुए कोसली पहुंचे। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X