Rewari News:निपुण हरियाणा मिशन…60 स्कूलों में होगा विद्यार्थियों का आकलन – Nipun Haryana Mission… Students To Be Assessed In 60 Schools
रेवाड़ी। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिले के 60 राजकीय विद्यालयों में दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों की भाषा और गणित विषय की दक्षता का आकलन किया जाएगा। इसके लिए तीन चरणों में मूल्यांकन होगा।
आकलन के आधार पर विद्यालयों को ए, बी और सी श्रेणी में बांटा जाएगा। विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण और अकादमिक सहयोग भी दिया जाएगा।
इस संबंध में डायट हुसैनपुर में कैप्सूल स्कूल सपोर्ट प्रोग्राम की जिला अकादमिक कोर टीम और जिले के सभी एबीआरसी व बीआरपी का अभिमुखीकरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया ने की।
पंचकूला से पहुंची एसपीआईयू सदस्य स्नेहा और जिला एफएलएन समन्वयक चरण सिंह ने कार्यक्रम की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में सभी विद्यार्थियों का बेसलाइन आकलन कर विभागीय गूगल फॉर्म में जानकारी दर्ज की जाएगी। दूसरे चरण में मिडलाइन आकलन के तहत प्रत्येक चयनित विद्यालय से पांच विद्यार्थियों का एप के माध्यम से मूल्यांकन होगा।
अंतिम चरण में एंडलाइन आकलन कर विद्यार्थियों की प्रगति का पता लगाया जाएगा। तीनों चरणों के परिणामों की तुलना कर सीखने के स्तर में हुए सुधार का आकलन किया जाएगा।
विद्यालयों में दक्षता क्लीनिक लगाकर विद्यार्थियों की कमजोरियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद शिक्षकों को उपचारात्मक शिक्षण की रणनीति बताई जाएगी, ताकि सी श्रेणी के स्कूलों को बी या ए श्रेणी और बी श्रेणी के स्कूलों को ए श्रेणी में लाया जा सके।
इस दौरान एबीआरसी और बीआरपी को आइडियल स्कूल विजिट के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया ने मेंटर्स से नियमित विद्यालय भ्रमण करने और कमजोर विद्यार्थियों की प्रगति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के साथ मिलकर सुधार की रणनीति तैयार करें और नियमित फॉलोअप करें। इस अवसर पर डाइट से विजय सिंह, सरोज यादव और रामफल मौजूद रहे।
