Sirmour News:डोईवाला चीनी मिल में गन्ना पेराई शुरू, 25 लाख क्विंटल लक्ष्य – Terming The Current Price Of Rs 405 As Inadequate
किसानों ने गन्ना खरीद मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की उठाई मांग
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सुविधाएं बढ़ाने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरूवाला (सिरमौर)। उत्तराखंड की डोईवाला चीनी मिल में रविवार को नए गन्ना पेराई का धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुभारंभ हुआ। हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने क्रेन कैरियर में गन्ने की पुली डालकर पेराई की शुरुआत की। कार्यक्रम में ऋषिकेश के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता डोईवाला के विधायक बृजभूषण गैरोला ने की।
शुभारंभ से पहले पंडित मधुसूदन पांडे और अन्य पुरोहितों ने पूजा-अर्चना के साथ हवन यज्ञ करवाया। मिल प्रबंधन के अनुसार, इस सत्र में उत्तराखंड और हिमाचल के अनुबंधित क्षेत्रों सहित 59 गन्ना क्रय केंद्रों से करीब 25 लाख क्विंटल गन्ना मिलने का अनुमान है। मिल ने इतनी ही मात्रा में गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चीनी मिल को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ इसकी कार्यक्षमता बढ़ाने की जरूरत है। चीनी मिल किसानों और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण इकाई है। मिल मजबूत होगी तो इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा।
मिल की अधिशासी निदेशक अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि इस सत्र में गन्ने की रिकवरी बढ़ाने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसानों को गन्ने की पैदावार बढ़ाने के लिए ट्रेंच विधि अपनाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र पकने वाली गन्ने की प्रजातियों का रकबा 98 प्रतिशत से अधिक हो गया है। इसे इस वर्ष करीब 99 प्रतिशत तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पांवटा के किसानों को एक लाख क्विंटल आपूर्ति का लक्ष्य
समारोह में पांवटा-दून क्षेत्र के अनुबंधित गन्ना किसानों का प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा। गन्ना समितियों के सचिव नेकराम और दलीप सिंह, पूर्व प्रधान संतोष सिंह, रामपाल नंबरदार और केहर सिंह के नेतृत्व में किसानों ने मिल प्रबंधन और कैबिनेट मंत्री से मुलाकात कर समस्याएं रखीं। इस सत्र में पांवटा क्षेत्र के किसानों को चीनी मिल में एक लाख क्विंटल गन्ना आपूर्ति करने का लक्ष्य दिया गया है।
किसानों ने गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि खाद, बीज, दवाइयों और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि नए पेराई सत्र के लिए अभी तक गन्ने के नए दाम निर्धारित नहीं किए गए हैं। ऐसे में फिलहाल किसानों को पुराने 405 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर ही गन्ना आपूर्ति करनी पड़ेगी।
