शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऋषिकेश

Rishikesh News:क्षेत्र रोड, मुखर्जी मार्ग और बाजार के चौक चौराहे पर दमकल वाहन तैनात – Fire Tenders Deployed On Area Roads

November 7, 2026


– आंतरिक मार्ग और संकरी गलियों के लिए फायर फाइटर बाइकें अलर्ट पर

संवाद न्यूज एजेंसी

ऋषिकेश। दीपावली पर्व पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है। बाजारों में भीड़ और पटाखों से आग लगने की आशंका को देखते हुए मुख्य चौक-चौराहों पर अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं। वहीं आंतरिक और संकरी गलियों में तत्काल पहुंचने के लिए फायर फाइटर बाइक को अलर्ट रखा गया है।

प्रभारी निरीक्षक अग्निशमन विभाग अशोक कुमार ने बताया कि दीपावली के दौरान आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। इसे देखते हुए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्र रोड और मुखर्जी मार्ग स्थित मुख्य बाजार में पिछले तीन दिनों से अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जल संस्थान के सहयोग से पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि फायर फाइटर बाइक के माध्यम से बाजारों में नियमित गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। विभाग की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि बच्चों को पटाखों से दूर रखें और आतिशबाजी करते समय आसपास पानी और रेत की व्यवस्था जरूर रखें। वहीं पटाखा विक्रेताओं को भी दुकानों के बाहर अग्निशमन उपकरण, पानी की बाल्टी और रेत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X