रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऋषिकेश

Rishikesh News:मार्च में ध्वस्त हुए विद्यालय भवन का अब तक शुरू नहीं हुआ निर्माण – Construction Of The School Building That Collapsed In March Has Yet To Begin

November 27, 2026


ऋषिकेश। सर्वहारा नगर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन का मार्च माह में ध्वस्तीकरण किया गया था। इसके बावजूद अभी तक नए भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते करीब 70 बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस पर स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।

ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय, सर्वहारा नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वहां अध्ययनरत करीब 70 बच्चों की शैक्षणिक परिस्थितियों और समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक को विद्यालय के जर्जर भवन के मार्च माह में ध्वस्तीकरण और अभी तक भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने की जानकारी मिली। इस पर विधायक ने जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान व कार्यदायी संस्था आरईएस के अधिशासी अभियंता नितिन पांडे से मोबाइल पर वार्ता कर तत्काल विद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने व तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर शकुंतला जोशी, चांदनी आदि मौजूद रहे।

रंभा नदी की सुरक्षा रेलिंग दुरुस्त करने के निर्देश

विधायक ने काले की ढाल गली नंबर-12 के सामने रंभा नदी का निरीक्षण भी किया। यहां सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त होकर नदी में गिरने पर उन्होंने सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट को मोबाइल कर तत्काल रेलिंग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने रंभा नदी में क्षेत्र की गंदगी और कूड़ा-कचरा जाने से रोकने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X