Sambhal News:स्ट्रीट फूड हब का निर्माण शुरु, 1.12 करोड़ रुपये से होंगे कई विकास कार्य – Construction Of A Street Food Hub Begins; Various Development Works To Be Carried Out At A Cost Of Rs 1.12 Crore
संभल। सिरसी में स्ट्रीट फूड हब का निर्माण शुरू हो गया है। इसके साथ ही रैन बसेरा, स्टेडियम और पार्क विकसित करने के काम को भी जल्द मंजूरी मिल गई है। इन सभी विकास कार्यों पर कुल 1.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्ट्रीट फूड हब का निर्माण संभल-मुरादाबाद रोड किनारे पुलिस चौकी के सामने हो रहा है। इसमें विभिन्न प्रकार की बीस दुकानें बनाई जाएंगी। इन दुकानों को किराये पर आवंटित किया जाएगा। इससे लोगों को एक ही स्थान पर खाने की सुविधा मिलेगी।
आवंटन प्रक्रिया में उन दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी जो पहले से फुटपाथ किनारे दुकानें लगाते हैं। सिरसी के चेयरमैन कौसर अब्बास ने कहा कि इस परियोजना से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि इससे खाद्य पदार्थ बेचने वालों को निश्चित स्थान मिलेगा और अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं होगी। ईओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि स्ट्रीट फूड हब के निर्माण पर 20.10 लाख रुपये खर्च होंगे।
आकांक्षी योजना के तहत सिरसी में अन्य विकास कार्य भी किए जाएंगे। इनमें रेन बसेरा, स्टेडियम और पार्क का विकास शामिल है। इन कार्यों के लिए भी मंजूरी मिल चुकी है। ईओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि इन सभी कार्यों को जल्द ही शुरू कराया जाएगा।
इनसेट
खेल मैदान पर दर्शकों के लिए विकसित होंगी सुविधाएं
सिरसी में जवाहरलाल मेमोरियल नगर पंचायत इंटर कॉलेज के पास खेल का मैदान है। इस मैदान पर अलग-अलग तरह की खेल गतिविधियां होती रहती हैं। विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होती हैं लेकिन दर्शकों के बैठने के लिए कोई स्थान नहीं है। इसी के दृष्टिगत नगर पंचायत ने स्टेडियम का खाका तैयार किया है। यहां लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। लाइटें लगाई जाएंगी और अन्य व्यवस्थाएं विकसित कराई जाएंगी। ताकि लोगों को सहूलियत मिल सकें। संवाद
बहमन कॉलोनी के निकट विकसित होगा पार्क
सिरसी में बिलारी रोड पर बहमन कॉलोनी के पास पार्क विकसित होगा। पार्क में दैनिक क्रिया-कलापों से जुड़े जरूरी उपकरण भी लगाए जाएंगे। ताकि लोगों को इनका सीधा लाभ मिल सकें। ईओ का कहना है कि इनकी मंजूरी मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरु कराए जाएंगे।
वाहरलाल मेमोरियल नगर पंचायत इंटर कॉलेज के खेल मैदान को बेहतर बनाने, बहमन कॉलोनी के निकट पार्क विकसित कराने और कस्बे में जगह-जगह स्ट्रीट लाइटें लगवाने के लिए 1.12 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम एजेंसी को सौंप दिया जाएगा।
आदित्य प्रकाश, ईओ, नगर पंचायत, सिरसी
