रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Shahjahanpur News:आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक का शौक पड़ रहा भारी – Fondness For Ice Cream And Cold Drinks Is Proving Costly
शाहजहांपुर

Shahjahanpur News:आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक का शौक पड़ रहा भारी – Fondness For Ice Cream And Cold Drinks Is Proving Costly

November 27, 2026


Fondness for ice cream and cold drinks is proving costly

राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में बच्चों की जांच करते डॉक्टर। संवाद

शाहजहांपुर। शादी-समारोहों में खानपान और दिनचर्या में बदलाव बच्चों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। देर रात तक जागने के साथ आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स और अन्य ठंडी चीजों के सेवन से बच्चे मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग की ओपीडी में इन दिनों रोजाना 150 से 200 बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। बच्चों में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और गले में खराश की शिकायत सामने आ रही है।

मौसम में तेजी से बदलाव के साथ रात के तापमान में गिरावट आ रही है। ऐसे में शादी-समारोहों में बच्चों का देर रात तक रुकना और ठंडे पेय पदार्थों व खाद्य सामग्री का सेवन परेशानी बढ़ा रहा है। अभिभावक भी कई बार बच्चों की जिद के आगे आइसक्रीम, शेक और फ्रिज में रखे ठंडे पेय पदार्थ देने से मना नहीं कर पाते। इसके अलावा बाहर के तले-भुने खाद्य पदार्थों के सेवन से पेट संबंधी शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

बाल रोग विभाग की ओपीडी में बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं, मौसम बदलने का असर बुजुर्गों की सेहत पर भी पड़ रहा है। उनकी पुरानी बीमारियां उभरने से मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। मेडिसिन कक्ष के बाहर बुजुर्गों की लंबी कतार लग रही है।

—

बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर ही बाहर ले जाएं

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि बदलते मौसम में बच्चों की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्हें ठंडी चीजों और पेय पदार्थों से बचाएं। सामान्य या हल्का गुनगुना पानी पिलाएं। रात में समारोह से लौटते समय मौसम के अनुकूल गर्म कपड़े जरूर पहनाएं। बच्चों के बीमार होने पर चिकित्सक की सलाह से ही दवा दें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X