Shamli News:बेटे को क्रिकेटर बनाना चाहता था फैसल, अधूरा रह गया सपना – Faisal Wanted His Son To Become A Cricketer; The Dream Remained Unfulfilled
हसनपुर लुहारी। बेटे को क्रिकेटर बनाने का सपना संजोए हसनपुर लुहारी के फैसल की जिंदगी सड़क हादसे में खत्म हो गई। सोमवार को गांव में उनकी मौत के बीच परिजन और परिचित क्रिकेट के प्रति उनके जुनून को याद करते रहे।
विधायक अशरफ अली ने बताया कि फैसल खुद अच्छे क्रिकेटर थे और अपने चार वर्षीय बेटे तलहा को भी छोटी उम्र से खेल के गुर सिखा रहे थे। उनकी ख्वाहिश थी कि बेटा बड़ा होकर क्रिकेट में नाम रोशन करे, लेकिन रविवार को हुए हादसे ने यह सपना अधूरा छोड़ दिया।
गांव हसनपुर लुहारी निवासी 33 वर्षीय फैसल दिल्ली में नौकरी करते थे। नौकरी के साथ उन्हें क्रिकेट खेलने का बेहद शौक था। वे विभिन्न टूर्नामेंट में खेलते थे और कई मुकाबलों में अपनी टीम के लिए मैच विनर भी रहे थे।
यह था हादसा
रविवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गोगवान जलालपुर के पास फैसल की कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई थी और आम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में फैसल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बेटा तलहा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फैसल माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनकी एक विवाहित बहन है। उनके दो बेटों में बड़ा तलहा उपचाराधीन है, जबकि छोटा बेटा महज एक वर्ष का है। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों को इस बात का गहरा दुख है कि जिस बेटे को क्रिकेटर बनाने का सपना देखा जा रहा था, वह पिता के साये से महरूम हो गया।
