Siddharthnagar News:राम-सुग्रीव मित्रता से लंका दहन तक का मंचन – Siddharthnagar News: Staging Of Events From The Friendship Of Ram And Sugriva To The Burning Of Lanka
– चौखड़ा की ऐतिहासिक रामलीला में कलाकारों ने जीवंत किया प्रसंग
– सोने की लंका जलाने का दृश्य रहा आकर्षण का केंद्र
भनवापुर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के चौखड़ा गांव में चल रही ऐतिहासिक रामलीला में शुक्रवार रात राम-सुग्रीव मित्रता से लेकर लंका दहन तक के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। हनुमान की ओर से सोने की लंका जलाने का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।
मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज करते हुए भगवान श्रीराम और लक्ष्मण ऋष्यमूक पर्वत पहुंचते हैं। यहां हनुमान जी की मध्यस्थता से श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता होती है। इसके बाद श्रीराम बालि का वध कर सुग्रीव को किष्किंधा का राजा बनाते हैं और अंगद को युवराज घोषित करते हैं। सुग्रीव वानर सेना को माता सीता की खोज में भेजते हैं।
जामवंत की ओर से शक्ति का स्मरण कराने पर हनुमान जी समुद्र लांघकर लंका पहुंचते हैं। वहां अशोक वाटिका में माता सीता को श्रीराम की मुद्रिका देकर उनका संदेश सुनाते हैं। इसके बाद अशोक वाटिका उजाड़ने, अक्षय कुमार के वध और मेघनाद द्वारा हनुमान जी को बंदी बनाकर रावण के दरबार में ले जाने का मंचन किया गया। रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई जाती है। इसके बाद वह पूरी सोने की लंका को जला देते हैं। लंका दहन का दृश्य देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
इस दौरान सच्चिदानंद पांडेय, छोटे सिंह, दिनेश सिंह, अरुण कुमार सिंह, बब्बू सिंह, मंगल, धर्मराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ठाकुर प्रसाद मिश्र ने किया।
