Siddharthnagar News:सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में रौनक – Siddharthnagar News: Bullion Market Livens Up Following A Drop In Gold And Silver Prices
सिद्धार्थनगर/बांसी। लग्न का सीजन शुरू होते ही सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट से सराफा बाजार में रौनक लौटने लगी है। सोने के भाव में कमी आने से शादी-विवाह की खरीदारी करने वाले परिवारों को राहत मिली है। कीमतें कम होने के बाद लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
लग्न शुरू होने के साथ ही शादी वाले घरों में गहनों की खरीदारी तेज हो गई है। लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, झुमका, हार सहित अन्य आभूषण खरीद रहे हैं। कई परिवार बेटी की शादी के लिए गहने बनवा रहे हैं।
कारोबारियों के अनुसार, पहले कीमतें अधिक होने से कई ग्राहक खरीदारी टाल रहे थे। अब भाव कम होने से बाजार में चहल-पहल बढ़ी है। ग्राहक हल्के और नए डिजाइन के आभूषणों के साथ पुराने गहनों के बदले नए गहने बनवाने में भी रुचि दिखा रहे हैं।
सिविल लाइंस की विनीता ने बताया कि परिवार में शादी होने के कारण सोने के गहने खरीदने थे। कीमतें अधिक होने से बजट बिगड़ रहा था। अब भाव कम होने से राहत मिली है और जरूरत के अनुसार आभूषण खरीदना आसान हुआ है।
बांसी की यशोदा देवी का कहना है कि शादी-विवाह में सोने के गहनों की जरूरत होती है। लंबे समय से कीमतों में कमी आने का इंतजार था। अब दाम कम होने से खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे हैं।
सोने-चांदी के भाव में आई गिरावट : उपलब्ध बाजार भाव के अनुसार 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,26,773 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट सोना करीब 1,16,124 रुपये और 18 कैरेट सोना करीब 95,080 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, चांदी का भाव करीब 1,54,042 रुपये प्रति किलोग्राम है। दाम कम होने से मध्यमवर्गीय परिवार को राहत मिली है।
