रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:घर में शादी की रौनक, खेत से दो बोरवेलों के तार चोरी – Festive Wedding Atmosphere At Home; Wires Stolen From Two Borewells In The Fields

November 21, 2026


जिला में निजी व सरकारी सिंचाई-पेयजल योजनाएं चोरों के निशाने पर, सतीवाला में बेटे की शादी में व्यस्त परिवार के खेतों को बनाया निशाना

धर्म सिंह तोमर

नाहन (सिरमौर)। जिले में चोर अब घरों और दुकानों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि किसानों की सिंचाई योजनाएं भी उनके निशाने पर हैं। खेतों में लगे बोरवेल, मोटरें, बिजली के तार और सरकारी सिंचाई योजनाओं के उपकरण लगातार चोरी हो रहे हैं। ताजा मामला विकासखंड नाहन की सतीवाला पंचायत का है। यहां एक परिवार घर में बेटे की शादी की खुशियों में व्यस्त था। शातिर रात के अंधेरे में दो खेतों में बोरवेलों के तार चोरी कर ले गए। इस वारदात ने जिले में सिंचाई संसाधनों की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार सतीवाला निवासी खुशीनाथ के बेटे का विवाह समारोह चल रहा है। पूरा परिवार शादी में व्यस्त था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने खुशीनाथ और उनके रिश्तेदार रूपिंद्र के खेत में लगे दो अलग-अलग बोरवेलों के बिजली के तार चोरी कर लिए। पीड़ित परिवारों के अनुसार अब दोनों बोरवेलों से मोटरें निकालकर दोबारा तार डालने पड़ेंगी। इससे चोरी गई तार के नुकसान के साथ मोटरें निकालने और नई तार लगाने का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ेगा। दोनों परिवारों को हजारों रुपये की आर्थिक चपत लगी है।

एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन साल में सरकारी सिंचाई योजनाओं को 5.33 करोड़ की चपत

जिले में निजी और सरकारी क्षेत्र की सिंचाई एवं पेयजल योजनाएं भी कुछ समय से चोरों के निशाने पर हैं। जलशक्ति सर्किल नाहन के अंतर्गत पिछले तीन वर्षों में सरकारी सिंचाई योजनाओं में चोरी की 81 वारदातें सामने आई हैं। इनमें विभाग को 5.33 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक 39 से ज्यादा स्थानों पर चोरी की घटनाएं पांवटा साहिब उपमंडल में हुई हैं।

प्रमुख वारदातों में राजगढ़ की नैईनेटी योजना से 18.47 लाख, नाहन की बोगरियाघाट योजना से 14.35 लाख और अंबवाला सैनवाला योजना से करीब 11 लाख रुपये के उपकरण और केबल चोरी हुए हैं। पांवटा के भंगानी-मेहरुवाला से 9.50 लाख, जबकि गुरुवाला-1 और शिवा शाम्याला योजनाओं से आठ-आठ लाख रुपये के उपकरण चोरी हुए। शिलाई की उठाऊ पेयजल योजना से भी करीब 3.92 लाख रुपये की संपत्ति चोरी की गई।

30 से अधिक ट्यूबवेलों के मोटर चोरी

सरकारी योजनाओं के साथ निजी सिंचाई संसाधन भी चोरों के निशाने पर हैं। विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुंडियों और शनंतोखगढ़-पुरुवाला में कुछ ही महीनों के भीतर 30 से अधिक ट्यूबवेलों के मोटर चोरी हो चुके हैं। इन वारदातों के कारण क्षेत्र की अधिकांश निजी सिंचाई योजनाएं ठप पड़ गई हैं। इसका सीधा असर किसानों की खेती पर पड़ रहा है और सैकड़ों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित हो रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X