Sirmour News:जमीन विवाद में जिला अदालत से अस्पताल को राहत – Relief To Hospital From District Court In Land Dispute
अस्पताल पर झाड़ियों और पौधों की कटाई कर कब्जे का प्रयास का था आरोप
दोनों पक्षों को एक दिसंबर को निचली अदालत में पेश होने के निर्देश
नाहन (सिरमौर)। नाहन में जमीन विवाद को लेकर श्री साईं मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर को जिला अदालत से राहत मिली है। जिला न्यायाधीश अजय मेहता की अदालत ने वीरदमन सिंह की ओर से दायर अपील खारिज कर दी है। अदालत ने माना कि विवादित खसरा नंबर 97 की जमीन को पुराने खसरा नंबर 65 का हिस्सा साबित करने के लिए पर्याप्त दस्तावेज पेश नहीं किए गए। इसके साथ ही अदालत ने निचली अदालत की ओर से अगस्त 2026 में अंतरिम रोक लगाने की मांग खारिज करने के आदेश को भी बरकरार रखा।
वीरदमन सिंह ने नाहन स्थित जमीन पर मालिकाना हक जताते हुए अदालत में वाद दायर किया था। उनका दावा था कि उनके पूर्वज पुराने खसरा नंबर 65 में काश्तकार के रूप में दर्ज थे, लेकिन बाद में जमीन के एक हिस्से पर उन्हें अधिकार नहीं दिया गया। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया था कि 6 जनवरी 2025 को अस्पताल की ओर से अधिकृत व्यक्ति ने खसरा नंबर 97 में झाड़ियों और पौधों की कटाई कर कब्जे का प्रयास किया था। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों से इन्कार किया था।
जिला अदालत ने राजस्व रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच के बाद पाया कि खसरा नंबर 97 पुराने खसरा नंबर 65 से नहीं बना है, बल्कि यह पुराने खसरा नंबर 75 से निकला है। वर्ष 2018-19 के राजस्व रिकॉर्ड में विवादित जमीन हिमाचल प्रदेश सरकार के नाम दर्ज है और इसका कब्जा नगर पालिका नाहन के पास दर्शाया गया है। अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता जमीन पर अपना अधिकार और कब्जा साबित करने में सफल नहीं रहे। इस आधार पर अपील खारिज कर दी गई। अदालत ने दोनों पक्षों को एक दिसंबर को निचली अदालत में पेश होने के निर्देश दिए।
