बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरसा

Sirsa News:ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा, 3 लाख ठगे, पांच पर प्राथमिकी – Fraud On Name Of Send To Australia

November 17, 2026


सिरसा। मोहाली की एक इमिग्रेशन कंपनी ने ऑस्ट्रेलिया में रोजगार दिलाने का झांसा दिया। कंपनी के संचालकों पर एक व्यक्ति से तीन लाख रुपये ठगने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

रविंद्र सिंह निवासी खैरपुर सिरसा ने अप्रैल 2026 में इंस्टाग्राम पर बीएस ग्रुप एडवाइजरी का विज्ञापन देखा था। कंपनी ने स्टडी और वर्क वीजा के माध्यम से विदेश भेजने का प्रचार किया था। कर्मचारियों ने उसे ऑस्ट्रेलिया में रोजगार दिलाने का भरोसा दिया।

30 अप्रैल को उसे सबक्लास-771 वीजा स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। एक मई को कंपनी कार्यालय में कथित वीजा दिखाकर तीन लाख रुपये लिए गए। इनमें ढाई लाख रुपये बैंक खातों में जमा हुए और 50 हजार रुपये नकद लिए गए। कंपनी ने आठ मई का हवाई टिकट भी बुक करवाया।

आरोपियों ने तकनीकी समस्या, वीजा श्रेणी बदलने व पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट के बहाने यात्रा की तारीखें बदल दीं। 18 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर रविंद्र सिंह को पता चला कि उसके टिकट का कोई रिकॉर्ड नहीं है।

जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। कंपनी के प्रोपराइटर कोमलप्रीत सिंह, अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता जोबन, मैनेजर हरमन, रिसेप्शनिस्ट सिरत व संचालक प्रभजोत कौर आरोपी हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X