गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरसा

Sirsa News:नशे की जड़ें उखाड़ने के लिए दौड़ेगा कालांवाली, मैराथन में विद्यार्थियों की अनिवार्य भागीदारी पर भड़का शिक्षक संघ – Kalawali Will Run To Uproot The Roots Of Addiction, Teacher Association Fumes Over Mandatory Student Participation In The Marathon

November 19, 2026


कालांवाली। नशे के खिलाफ दौड़ेंगे हजारों युवा, खेलों से स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे। कालांवाली में 22 नवंबर को आयोजित होने वाली यूथ मैराथन के लिए अब तक 94,154 प्रतिभागी पंजीकरण करवा चुके हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ करेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।

मैराथन में 5, 10 और 21 किलोमीटर की तीन श्रेणियां रखी गई हैं। प्रतिभागी अपनी आयु और क्षमता के अनुसार दौड़ का चयन कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा है। इच्छुक प्रतिभागी जारी क्यूआर कोड स्कैन करके भी पंजीकरण करवा सकते हैं।

21 किलोमीटर के विजेता को 50 हजार रुपये

मैराथन की 21 किलोमीटर ओवरऑल श्रेणी में प्रथम विजेता को 50 हजार, द्वितीय को 37,500 और तृतीय को 25 हजार रुपये मिलेंगे। 10 किलोमीटर ओवरऑल श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। अंडर-18, 18 से 45 वर्ष, 45 से 60 वर्ष और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए भी अलग पुरस्कार रखे गए हैं। इन वर्गों में 21 किलोमीटर दौड़ के प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को क्रमश: 10 हजार, 7,500 और 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। 10 किलोमीटर दौड़ में क्रमश: 7,500, 5 हजार और 3 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

पैरा एथलीट प्रमोद कुमार ने की अपील

पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेता पैरा एथलीट प्रमोद कुमार ने युवाओं से मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा इस आयोजन के माध्यम से नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दें। अधिक से अधिक प्रतिभागी मैराथन में शामिल होकर नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने में योगदान दें।

—–

शिक्षक संघ का अभिभावकों की सहमति के बिना विद्यार्थियों को बुलाने का आरोप

कालांवाली में 22 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत होने वाली नशा विरोधी मैराथन में विद्यार्थियों की अनिवार्य भागीदारी को लेकर शिक्षक संघ ने विरोध जताया है। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की जिला कमेटी ने कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल करने के लिए स्कूलों पर बनाए जा रहे कथित प्रशासनिक दबाव पर आपत्ति जताई है।

संघ के जिला प्रधान वीर सिंह भरोखां और जिला सचिव देवेंद्र कुमार ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि प्रशासनिक अधिकारी स्कूलों को अभिभावकों की सहमति के बिना विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दे रहे हैं। बच्चों को सुबह जल्दी मैराथन में लाने का भी दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नवंबर की ठंड में विद्यार्थियों को सुबह जल्दी बुलाना और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना आयोजन में शामिल करना उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। संघ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियानों का समर्थन करता है, लेकिन सरकारी कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों पर दबाव बनाना उचित नहीं है।

संघ ने मांग की कि विद्यार्थियों की भागीदारी पूरी तरह स्वैच्छिक रखी जाए। इसके लिए अभिभावकों की लिखित सहमति अनिवार्य की जाए। साथ ही, स्कूलों पर बनाया जा रहा दबाव तुरंत बंद हो। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन में बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X