Sitapur News:कार्तिक मेला महोत्सव का शुभारंभ, महाआरती ने मोहा मन – Kartik Mela Festival Begins, Maha Aarti Captivates Hearts
हरगांव। कस्बे में आयोजित कार्तिक मेला महोत्सव का शुभारंभ सोमवार शाम कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शुभारंभ के बाद राज्यमंत्री ने सूर्यकुंड तीर्थ स्थित गौरीशंकर मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद सूर्यकुंड तीर्थ की भव्य महाआरती में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ आरती की। इस दौरान तीर्थ परिसर में भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा।
वहीं गौरीशंकर मंदिर परिसर में भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया। इस अवसर पर मेलाधिकारी एवं मजिस्ट्रेट फूलचंद्र यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष गफ्फार खान, अधिशासी अधिकारी श्रीश मिश्रा, चंद्रशेखर मिश्र समेत सभासद और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। कार्तिक मेला महोत्सव के अंतर्गत मेला मैदान में बनाए गए पंडाल में मंगलवार से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसमें मथुरा-वृंदावन से आए कलाकार दोपहर एक बजे से रामलीला का मंचन करेंगे, जबकि शाम सात बजे से रासलीला की प्रस्तुति होगी। आयोजकों के अनुसार, दोनों कार्यक्रमों में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन कर दर्शकों को धार्मिक प्रसंगों से रूबरू कराया जाएगा। मेला महोत्सव में रामलीला और रासलीला देखने के लिए श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय लोगों में उत्साह है।
