Srinagar News:ग्रैंड मुफ्ती को प्रेस कॉन्फ्रेंस की अनुमति नहीं, सलाहकार ने नए मुख्य सचिव से की मुलाकात – Srinagar, Grand Mufti, Denied Permission, For Press Conference
– मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के पदाधिकारी ने सिविल सचिवालय में चीफ सेक्रेटरी को दी बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम फारूकी की बुधवार दोपहर सौरा में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। हालांकि, इस घटनाक्रम के कुछ ही समय बाद उनके सलाहकार ने सिविल सचिवालय पहुंचकर नवनियुक्त मुख्य सचिव से शिष्टाचार भेंट की।
ग्रैंड मुफ्ती के कार्यालय की ओर से बुधवार दोपहर शाह फैसल कॉलोनी सौरा स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई थी लेकिन प्रशासन की ओर से ग्रैंड मुफ्ती को मीडिया से मुखातिब होने की इजाजत नहीं दी गई।
इस संबंध में ग्रैंड मुफ्ती के सलाहकार एवं मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड जम्मू-कश्मीर के महासचिव (संगठन) इंजीनियर दानिश रेशी ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रशासन ने अज्ञात कारणों से ग्रैंड मुफ्ती को प्रेस को संबोधित करने से रोक दिया। उन्होंने बड़ी संख्या में और समय पर पहुंचने के लिए मीडिया कर्मियों का आभार जताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द होने के बाद इंजीनियर दानिश रेशी ने सिविल सचिवालय में जम्मू-कश्मीर के नवनियुक्त मुख्य सचिव सज्जन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्य सचिव को नई प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
दानिश रेशी ने आम जनता की समस्याओं के प्रति मुख्य सचिव के जमीनी और सक्रिय दृष्टिकोण तथा सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की। बैठक के दौरान जनकल्याण, प्रशासनिक जवाबदेही, जनता की समस्याओं के समयबद्ध निवारण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
