Srinagar News:127 निरीक्षण, कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, 35 किलो मिठाई नष्ट – Srinagar, 127 Inspections Conducted, Licenses Of Several Establishments Suspended, 35 Kg Of Sweets Destroyed
– श्रीनगर, पुलवामा, बिलावर और सांबा के प्रमुख रेस्तरां, बेकरी व पोल्ट्री प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज
– हवल में छह मोमोज विक्रेताओं को काम बंद करने का नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जम्मू-कश्मीर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने प्रदेश के सभी जिलों में अपना प्रवर्तन अभियान जारी रखा है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 127 निरीक्षण किए गए और प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए 39 खाद्य नमूने एकत्र किए गए।
खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और साफ-सफाई के मानकों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभाग ने अगले आदेशों और कमियों को दूर किए जाने तक कई खाद्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीकरण निलंबित कर दिए हैं। कार्रवाई की जद में आए प्रतिष्ठानों में श्रीनगर के हजूरी बाग स्थित मेसर्स जान स्वीट्स, रेजीडेंसी रोड स्थित मेसर्स मुगल दरबार की बेकरी निर्माण इकाई, बागात (श्रीनगर) स्थित मेसर्स कॉटेज इन रेस्तरां, मेसर्स मदीना सनराइज पोल्ट्री और मेसर्स मदीना जायका बिरयानी, न्यू पुलवामा स्थित मेसर्स ऑर्बिट रेस्तरां, तहसील बिलावर के मांडली स्थित मेसर्स एनएफएस पोल्ट्री तथा विजयपुर (सांबा) स्थित मेसर्स दिल्ली की मशहूर बिरयानी और मेसर्स रेस्तरां नाज शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान अनुचित तापमान में भंडारित की गई लगभग 35 किलोग्राम मिठाइयों को बिक्री और उपभोग से रोकने के लिए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, एक अलग कार्रवाई में श्रीनगर के हवल क्षेत्र में मोमोज बनाने और बेचने वाले छह खाद्य संचालकों को नोटिस जारी कर स्वच्छता संबंधी कमियां दूर होने तक संचालन बंद रखने का निर्देश दिया गया है। एफडीए ने कहा है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संचालकों हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।
कानूनी कार्रवाई के तहत विभाग ने अधिनियम की धारा 56 के तहत मतीन मामले, धारा 58 के तहत तीन एफआईआर दर्ज की हैं, जबकि धारा 69 के तहत 03 मामलों का निपटारा करते हुए 3,000 रुपये का शमन शुल्क वसूला है।
इसके अलावा, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मांसाहारी भोजन तैयार करने वाले सभी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने मेन्यू और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड पर स्पष्ट रूप से यह जानकारी प्रदर्शित करें कि व्यंजन में किस प्रकार का मांस इस्तेमाल किया गया है, वह ताजा है या फ्रोजन, तथा उसमें कौन-कौन सी सामग्री मिलाई गई है। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने और असुरक्षित या मिलावटी भोजन की बिक्री की सूचना आधिकारिक ईमेल cfsjandk.fnd
