म्योरपुर। स्थानीय विकास खंड की बेलहत्थी ग्राम पंचायत के आमी टोला में दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीम ने बेलहत्थी और मकरा ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की और उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। बताते हैं कि बेलहत्थी ग्राम पंचायत के आमी टोला में 17 नवंबर को कैलाश (14) पुत्र बहादुर और रुद्र (8) पुत्र देवनारायण की मौत हो गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों बीमार थे। सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। कैलाश के परिजनों बहादुर, उनकी पत्नी कलावती, रामजीत और बसंतलाल की तबीयत खराब होने पर उनके खून की जांच की गई। इसके अलावा सिकंदर, आकाश, कुमारी, बुधराम, इनरबसिया, शिवचंदन, संगीता, देवनारायण, सुरीला, राकेश, उषा, विमल कुमारी, सुषमा कुमारी और तेज कुमारी समेत अन्य बीमार लोगों की भी जांच की गई। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं, गांव की दोलबस (24) और उषा (10) की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए बाहर ले गए हैं। उधर, मकरा ग्राम पंचायत के भेड़िया टोला में भी बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। यहां 36 लोगों के खून की जांच की गई, जिसमें संजय (21) पुत्र हीरालाल मलेरिया पॉजिटिव पाया गया। उसे तत्काल दवा दी गई। इसके अलावा गांव में मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ भोजन और साफ पानी के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मलेरिया निरीक्षक अभिषेक पांडेय, राजू कुमार, प्रतिमा श्रीवास्तव समेत स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। एहतियातन गांव में स्वास्थ्य कर्मियों को रोजाना भेजकर लोगों की काउंसिलिंग की जा रही है।