Tehri News:कोषागार की अव्यवस्थाओं पर डीएम खफा, लेखाकार का वेतन रोका – Dm Displeased With Irregularities At The Treasury; Accountant’s Salary Withheld
पेंशन स्वीकृति के बाद भी कोषागार में रखी मिलीं सेवा पत्रावलियां
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। जिला कोषागार में पेंशन संबंधी पत्रावलियों के रखरखाव में लापरवाही और अभिलेखों की स्थिति पर डीएम नितिका खंडेलवाल ने नाराजगी जताई। बुधवार को कोषागार के औचक निरीक्षण में डीएम को फाइलों का सूचीकरण और लेबलिंग व्यवस्थित नहीं मिली। इस पर डीएम ने संबंधित लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। वहीं, पेंशन स्वीकृत होने के बाद भी सेवानिवृत्त कार्मिकों की व्यक्तिगत सेवा पत्रावलियां कोषागार में रखे जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपस्थिति पंजिका, बायोमेट्रिक उपस्थिति रिपोर्ट, पेंशन संबंधी पत्रावलियां, कार्य आवंटन पत्रावली, प्राप्ति एवं प्रेषण पंजिका, पीपीओ प्राप्ति पंजिका, पेंशन भुगतान पंजिका और पेंशन प्रकरणों की आपत्ति पंजिका सहित अन्य वित्तीय अभिलेखों का अवलोकन किया। पेंशन संबंधी फाइलों का उचित रखरखाव नहीं होने और अभिलेखों की सूचीकरण एवं लेबलिंग व्यवस्थित नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त कार्मिकों की पेंशन स्वीकृत होने के बाद भी उनकी व्यक्तिगत सेवा पत्रावलियां कोषागार में रखे जाने पर नाराजगी जताई। ऐसी पत्रावलियों को संबंधित विभागों को जल्द वापस सौंपने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी कार्मिक की पेंशन स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। विभाग या कोषागार स्तर पर बिना उचित कारण पेंशन प्रकरण लंबित रखने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। पेंशनरों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज पांडेय, कोषाधिकारी अंजलि भारती आदि मौजूद रहे।
जारी-गंगादत्त थपलियाल
