Una News:दियाड़ा में बाइक सवार की मौत के मामले में कार चालक से पूछताछ – Car Driver Questioned In Connection With The Death Of A Motorcyclist In Diyada
बड़ूही (ऊना)। ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दियाड़ा के समीप कार और बाइक की टक्कर में घायल बाइक सवार गणेश कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस ने हादसे में शामिल कार चालक राजीव कुमार निवासी नंगल सालंगड़ी को पूछताछ के लिए थाना अंब तलब किया है। वहीं, हादसे से जुड़े तथ्यों और संभावित कारणों का पता लगाने के लिए कार चालक और बाइक चालक दोनों के सैंपल जांच के लिए धर्मशाला स्थित फोरेंसिक लैब भेजे गए हैं। पुलिस अब फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गौरतलब है कि बीते दिन ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दियाड़ा के समीप कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी।
हादसे में बाइक सवार गणेश कुमार निवासी नूरपुर, जिला कांगड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक राजीव कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि हादसे में बाइक सवार गणेश कुमार की मौत के मामले में कार चालक राजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कार चालक को पूछताछ के लिए थाना अंब बुलाया गया है। दोनों वाहन चालकों के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए धर्मशाला लैब भेजे गए हैं।
