रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ऊना

Una News:भवन के किराये में उलझा एसडीएम कार्यालय, मकान मालकिन ने भेजा कानूनी नोटिस – Sdm Office Embroiled In Building Rent Dispute; Landlady Sends Legal Notice

November 21, 2026


गगरेट (ऊना)। गगरेट में एसडीएम कार्यालय के लिए किराये पर लिए गए भवन का विवाद अब कानूनी नोटिस तक पहुंच गया है। भवन मालकिन ने लंबित किराये और भवन में करवाए गए बदलावों पर खर्च हुई राशि का भुगतान न होने पर प्रशासन को नोटिस भेजा है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि भवन के नक्शे की स्वीकृति समेत जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही किराये का भुगतान संभव है। विवाद के बीच प्रशासन ने अब कार्यालय के लिए दूसरे भवन की तलाश शुरू कर दी है।

भवन मालकिन सुनीता देवी पत्नी रशपाल वशिष्ठ निवासी वार्ड नंबर छह, देव नगर गगरेट ने नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा कि अगस्त 2023 में एसडीएम कार्यालय के लिए किराये पर भवन लेने का विज्ञापन जारी हुआ था। निरीक्षण के बाद प्रशासन की जरूरत के अनुसार भवन में बदलाव करवाने को कहा गया।

मालकिन के अनुसार, उन्होंने लाखों रुपये खर्च कर जरूरी बदलाव करवाए और एक सितंबर 2023 को प्रशासन ने भवन का कब्जा लेकर कार्यालय शुरू कर दिया। नोटिस में भवन का कुल क्षेत्रफल 311.95 वर्ग मीटर बताया गया है। इसमें भूतल पर न्यायालय कक्ष, चार कमरे और दो स्टोर, जबकि प्रथम तल पर चार कमरे, शौचालय, सीढ़ियां और ड्राइंग रूम हैं। भवन में कार्यालय का फर्नीचर और अन्य सामान भी रखा गया है।

नोटिस के अनुसार, लोक निर्माण विभाग ने भूतल के 140.39 वर्ग मीटर क्षेत्र का किराया 35,550 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया है। प्रथम तल के 171.58 वर्ग मीटर का किराया तय होना बाकी है। भवन मालकिन ने इसका बाजार किराया करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह बताया है। नोटिस में नौ अक्तूबर 2023 से 31 मार्च 2025 तक की किराया संबंधी प्रमाणपत्र अवधि का भी उल्लेख किया गया है। भवन मालकिन ने नगर पंचायत के रिकॉर्ड में भवन की व्यावसायिक श्रेणी और छह हजार रुपये से अधिक वार्षिक संपत्ति कर का हवाला दिया है।

सरकारी कार्यालय के किराये का भुगतान तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी किए बिना संभव नहीं है। भवन मालिक नक्शा पास करवाने में आनाकानी कर रहा है। किराये संबंधी विवाद से बचने के लिए प्रशासन अब दूसरे भवन की तलाश कर रहा है।

-सौमिल गौतम, एसडीएम गगरेट

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X