रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उत्तरकाशी

Uttarkashi News:अंतरराष्ट्रीय एंग्लिंग मीट प्रतियोगिता शुरू – International Angling Meet Competition Begins

November 23, 2026


यमुना नदी में महाशीर मछली के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल

अंतरराष्ट्रीय एंग्लिंग मीट प्रतियोगिता से यमुना को मिलेगी नई पहचान

संवाद न्यूज एजेंसी

नौगांव (उत्तरकाशी)। यमुना नदी में महाशीर मछली के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य विभाग ने बीट संख्या सात में अंतरराष्ट्रीय एंग्लिंग मीट प्रतियोगिता आयोजित की। प्रतियोगिता में स्थानीय एंगलरों ने प्रतिभा दिखाई। आयोजन के जरिये यमुना को एंगलिंग पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का संदेश दिया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार और जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन यमुना घाटी को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में मददगार साबित हो सकते हैं। एंगलिंग पर्यटन से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही जागरूकता बढ़ने से नदी में अवैध तरीके से मछलियों के शिकार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। सहायक मत्स्य निदेशक नितेश कुमार ने कहा कि एंगलिंग मीट का उद्देश्य महाशीर मछली के संरक्षण और नदी पर्यटन को प्रोत्साहित करना भी है। स्थानीय एंगलरों के बीच हुई प्रतियोगिता में विद्या लाल सौली ने प्रथम, रिखाऊं गांव के राकेश पंवार ने द्वितीय व शुभम सोलंकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में महिला स्वयं सहायता समूहों को एंगलिंग रॉड और लाइफ जैकेट वितरित कर एंगलिंग का प्रशिक्षण भी दिया गया। वहीं जागृति पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में मत्स्य निरीक्षक सुरेश जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार, खंड विकास अधिकारी नरेश सुयाल, सुनील कोहली, मीना रावत, विजय रावत, प्रवेश रावत आदि लोग मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X