मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को हरहुआ विकास खंड परिसर में विवाह समारोह हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल गीतों के बीच कुल 67 जोड़े एक-दूजे के हो गए। इनमें 66 हिंदू जोड़ों का विवाह सनातन रीति-रिवाज से और एक बौद्ध जोड़े का विवाह उनकी पारंपरिक पद्धति के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और ब्लॉक प्रमुख विनोद कुमार उपाध्याय ने वर-वधुओं को आशीर्वाद देकर उनका उत्साहवर्धन किया और वैवाहिक रस्में पूर्ण होने पर पुष्पवर्षा कर सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
वर और वधू पक्ष के परिजनों तथा रिश्तेदारों की भारी मौजूदगी से पूरे विकास खंड परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। शासन की मंशा के अनुरूप सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, साथ ही गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक उपहार सामग्री (जिसके तहत वधु को 64,000 रुपये की आर्थिक सहायता और घरेलू सामान दिया जाता है) भी भेंट की गई। समारोह में शामिल अतिथियों और घरातियों-बरातियों के लिए सामूहिक भोज की भी उत्तम व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जयप्रकाश ने सभी आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष जेपी भारती ने किया। इस अवसर पर एडीओ समाज कल्याण विभांशु, ग्राम प्रधान सूर्यप्रकाश मौर्य, भीम, दीपक चौहान और सोनू प्रसाद आदि मौजूद रहे।