मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Yamuna Nagar News:सेवानिवृत्त शिक्षकों की मांगों पर किया मंथन – Deliberated On The Demands Of Retired Teachers
यमुनानगर

Yamuna Nagar News:सेवानिवृत्त शिक्षकों की मांगों पर किया मंथन – Deliberated On The Demands Of Retired Teachers

November 17, 2026


यमुनानगर। गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज संतपुरा में टीचर्स एसोसिएशन की विशेष बैठक डॉ. अमर सिंह मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सेवानिवृत्त शिक्षकों की मांगों, पेंशन संबंधी समस्याओं और आठवें वेतन आयोग के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं वैज्ञानिक डॉ. आरएस गांधी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों की विभिन्न मांगों और न्यायालय में चल रहे मामलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार चार महीने के भीतर 36 दिन के स्ट्राइक पीरियड का लाभ सभी याचिकाकर्ताओं को मिलना चाहिए। उन्होंने 12 प्रतिशत कंपाउंड ब्याज, नोशनल पे फिक्सेशन, वर्ष 2006 से पहले सेवानिवृत्त प्रिंसिपलों की पे फिक्सेशन, 50 प्रतिशत औसत बेसिक पेंशन और ई-पेंशन जैसे मुद्दों पर भी जानकारी दी।

जोन सचिव डॉ. देवेंद्र आनंद ने जुलाई में हुई बैठक की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने सुझाव दिया कि आरसीपीटीए हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर के संगठन से जुड़ना चाहिए, ताकि आठवें वेतन आयोग का लाभ एक जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नहीं मिलने की स्थिति में प्रभावी ढंग से विरोध दर्ज कराया जा सके।

बैठक में डॉ. हरिंद्र सिंह कंग ने यमुनानगर जोन की मौजूदा टीम को आगामी दो वर्षों तक जारी रखने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। साथ ही विभिन्न कॉलेजों को प्रतिनिधित्व देते हुए कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। डॉ. वरिंदर गांधी ने नियमित प्रिंसिपल की सेवानिवृत्ति से छह महीने पहले नए प्रिंसिपल की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की व्यवस्था बनाने की मांग उठाई। इस अवसर पर डॉ. सुभाष वोहरा, डॉ. सुभाष सहगल, डॉ. युगेश कुमार, डॉ. आनंद, डॉ. सेठी सहित अनेक सेवानिवृत्त शिक्षक मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X