रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
शहडोल:मेडिकल कॉलेज में नुक्कड़ नाटक से समझाया एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल का खतरा, छात्रों ने किया जागरूक – Dangers Of Antibiotic Misuse Explained Through Street Plays; Awareness Week Observed At Medical College
शहडोल

शहडोल:मेडिकल कॉलेज में नुक्कड़ नाटक से समझाया एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल का खतरा, छात्रों ने किया जागरूक – Dangers Of Antibiotic Misuse Explained Through Street Plays; Awareness Week Observed At Medical College

November 24, 2026


बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस (एएमआर) जागरूकता सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान एमबीबीएस और पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मरीजों, उनके परिजनों और आम नागरिकों को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल से होने वाले खतरों की जानकारी दी।

मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. गिरीश रामटेके के नेतृत्व और माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गौर व उनकी टीम के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया कि बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे भविष्य में इन दवाओं का असर कम होने और एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस (एएमआर) की समस्या बढ़ने का खतरा रहता है।

पढे़ं: गन्ने के दाम को लेकर किसानों का डेरा, 600 रुपये भाव और 50 रुपये बोनस की मांग; सरकार के फैसले का इंतजार

पोस्टर और रंगोली से भी किया जागरूक

कार्यक्रम के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में जागरूकता आधारित पोस्टर और रंगोली बनाई गईं। इनके माध्यम से अस्पताल के कर्मचारियों और स्टाफ को भी बिना चिकित्सकीय सलाह दवाओं का सेवन नहीं करने और संक्रमण नियंत्रण के नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

डीन डॉ. गिरीश रामटेके ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के रचनात्मक आयोजन महत्वपूर्ण हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों से योग्य चिकित्सक की सलाह के बिना किसी भी दवा का सेवन नहीं करने की अपील की।

अस्पताल प्रबंधक डॉ. साबिर खान ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है। नुक्कड़ नाटक जैसे माध्यमों से आम लोगों को आसानी से जागरूक किया जा सकता है। इससे दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल पर रोक लगाने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रणदा शुक्ला, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रीनू शर्मा, डॉ. मिहिर पटनायक, डॉ. सुरजीत शुक्ला, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, पीजी डॉ. आकांक्षा सहित बड़ी संख्या में एमबीबीएस व पैरामेडिकल के विद्यार्थी और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X