धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भोर होते ही गंगा के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ, बाबा कालभैरव और मां अन्नपूर्णा के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान को लेकर सोमवार देर रात से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह होते-होते दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद, अस्सी, पंचगंगा, केदारघाट, मणिकर्णिका और राजघाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर भीड़ बढ़ती गई। गंगा में स्नान के बाद श्रद्धालु मंदिरों की ओर रवाना हुए। इससे गंगा घाटों से लेकर प्रमुख मंदिरों के रास्तों तक पूरे दिन धार्मिक गतिविधियां बनी रहीं।