सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग में सोमवार को गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया और गुलदार को मारने के आदेश जारी होने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं लेकिन विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों के आक्रोश और घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने हमलावर गुलदार को मारने की अनुमति जारी कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला का शव उठने दिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सोमवार को कोटड़ीढांग निवासी कविता कोठियाल (42) पत्नी कमल किशोर की गुलदार के हमले में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और शव उठाने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि सनेह पट्टी में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आखिर कब तक ग्रामीणों को अपनी जान गंवानी पड़ेगी। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को तत्काल मारने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले तीन नवंबर की शाम सनेह मल्ली गांव में संतोष रावत की आठ वर्षीय बेटी सान्वी पर गुलदार ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उस दौरान बच्ची की मां नीलम देवी ने गुलदार के मुंह से बेटी को छुड़ाया था। इसके बाद भी क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता बनी रही। विजय रावत, हिमांशु बहुखंडी, संजय भंडारी, चंद्रेश कुमार, अनिल कुमार समेत कई ग्रामीणों और महिलाओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी कर दिए गए।
UK Top News: सात मृतकों की हुई अंत्येष्टि, गुलदार ने महिला को मार डाला, कल होगा सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट