ग्रेटर नोएडा स्थित वीएमसी कोचिंग में एक छात्र के साथ साथी विद्यार्थी द्वारा कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान आसपास मौजूद अन्य छात्र पीड़ित की मदद करने के बजाय हंसते और उसका मजाक उड़ाते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर लोगों ने शिक्षण संस्थान में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर सवाल उठाए हैं।
वायरल पोस्ट में इस व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए लोग कह रहे हैं कि किसी बच्चे को प्रताड़ित करना और उस पर हंसना मनोरंजन नहीं हो सकता। बुलिंग का बच्चों के आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इस पर कड़े कदम उठाए जाने चाहिए।
लोगों ने सवाल उठाया है कि शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के साथ बच्चों को आपसी सम्मान और संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाना भी जरूरी है। संस्थान प्रबंधन को मामले की जांच कर दोषी विद्यार्थियों को समझाने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। फिलहाल संस्थान की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।