बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गुरुग्राम

Gurugram News:रेजांगला स्मारक पर टी-55 टैंक की प्रतिकृति और आठ वीर चक्र विजेताओं की पट्टिकाओं का अनावरण – Unveiling Of A T-55 Tank Replica And Plaques Honouring Eight Vir Chakra Recipients At The Rezang La Memorial

November 18, 2026


शहीद परिवार कल्याण समिति ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, वीरों के सम्मान के पुनर्मूल्यांकन की उठाई मांग

संवाद न्यूज एजेंसी

गुरुग्राम। पालम विहार स्थित रेजांगला युद्ध स्मारक पर मंगलवार को 1962 के भारत-चीन युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। शहीद परिवार कल्याण समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में टी-55 टैंक की प्रतिकृति और आठ वीर चक्र विजेताओं की अर्ध प्रतिमाओं की नामपट्टिकाओं का अनावरण किया गया। थलसेना, नौसेना और वायुसेना के पूर्व सैनिकों सहित गणमान्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।

नामपट्टिकाओं में जमादार हरि राम, जमादार सूरजा, नायक हुकम चंद, जमादार राम चंदर, नायक गुलाब सिंह, लांस नायक सिंह राम, नायक राम कुमार और सिपाही धर्मपाल दहिया के नाम शामिल हैं। इन सभी को रेजांगला युद्ध में वीरता के लिए वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

समिति के संयोजक मेजर (डॉ.) टीसी राव ने कहा कि 18 नवंबर 1962 को 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के करीब 120 सैनिकों ने मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में चीनी सेना का मुकाबला किया था। उन्होंने भारत सरकार और रक्षा मंत्रालय से वीर सैनिकों की वीरता और बलिदान के पुनर्मूल्यांकन के लिए उच्चस्तरीय सैन्य समिति गठित करने की मांग की।

कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल सत्यवीर शर्मा, स्क्वाड्रन लीडर शीशराम यादव और कमांडर वीपी यादव ने भी विचार रखे। कार्टरपुरी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य माया, शिक्षिका ज्योत्सना और विद्यार्थियों ने शहीदों को पुष्प अर्पित किए। राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के संस्थापक राजेश पटेल और उनकी टीम ने भी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X