दिल्ली में प्रदूषण रोकने के इंतजाम कितने नाकाफी? CAQM की रिपोर्ट में सामने आईं बड़ी खामियां
दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी CAQM ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए राज्यों के प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया है. अक्टूबर 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित इस रिपोर्ट में दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई प्रदूषण नियंत्रण उपायों में गंभीर कमियां सामने आई हैं. रिपोर्ट में पंजाब के पराली प्रबंधन से जुड़े आंकड़े भी शामिल किए गए हैं.
CAQM ने प्रदूषण से निपटने के लिए तय लक्ष्यों की प्रगति का आकलन किया है. हालांकि ये फाइनल रिपोर्ट कार्ड नहीं है. साल 2026 का अंतिम रिपोर्ट कार्ड जनवरी 2027 में जारी होगा. ऐसे में दिल्ली समेत संबंधित राज्यों के पास दिसंबर तक अपने प्रदर्शन में सुधार करने का बेहतरीन मौका है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में सड़क की धूल रोकने के लिए 2026 में 57 मध्यम आकार की मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन 31 अक्टूबर तक केवल एक मशीन ही दर्ज हुई. यानी महज 2 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ. वहीं, 35 बड़ी रोड स्वीपिंग मशीनों के लक्ष्य के मुकाबले 19 की उपलब्धता रही. जो 54 प्रतिशत है. कचरा प्रबंधन में भी दिल्ली का प्रदर्शन कमजोर रहा. नगर निगम के पुराने कचरे के निस्तारण में ओखला में 67 प्रतिशत, भलस्वा में 57 प्रतिशत और गाजीपुर में केवल 42 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ. इसके अलावा, दिल्ली में कचरा प्रोसेसिंग क्षमता में 650 टन प्रतिदिन की बढ़ोतरी का लक्ष्य था, लेकिन अक्टूबर तक इसमें कोई सुधार नहीं हुआ.
दिल्ली में 266 पार्किंग स्थलों के लक्ष्य के मुकाबले केवल 15 पर काम हो सका जो महज 6 प्रतिशत है. ट्रैफिक जाम कम करने के लिए 28 दीर्घकालिक उपायों में से केवल 8 पूरे हुए, जबकि सभी 34 अल्पकालिक उपायों का लक्ष्य हासिल कर लिया गया. सिटी बसों की संख्या बढ़ाने के मामले में भी दिल्ली लक्ष्य 2,395 के लक्ष्य के मुकाबले 1,703 पर ही रहा जो 71 प्रतिशत है. हालांकि औद्योगिक प्रदूषण की निगरानी में दिल्ली ने टारगेट पूरा कर लिया है.
इसके अलावा औद्यगिक इकाइयों के निरीक्षण में 979 का लक्ष्य था, जबकि 1,609 निरीक्षण पूरे किए गए. डीजी सेट के निरीक्षण में भी 539 के लक्ष्य के मुकाबले 1,296 का निरीक्षण किया गया. इसके अलावा दिल्ली ने 5,000 ईवी चार्जिंग स्टेशनों को लगाने का लक्ष्य रखा था, जिसके मुकाबले 6000 स्टेशन स्थापित किए गए. वहीं, 19 निरंतर वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का लक्ष्य भी पूरा किया गया.
हरियाणा में 23 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का टारगेट था, जिसमें कोई प्रगति दर्ज नहीं हुई. औद्योगिक निरीक्षण में भी 3,865 के लक्ष्य के मुकाबले केवल 177 निरीक्षण हुए. राजस्थान में औद्योगिक निरीक्षण का लक्ष्य महज 2 प्रतिशत पूरा हुआ, जबकि उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा 19 प्रतिशत रहा. तीनों राज्यों में कचरा प्रबंधन, सड़क की धूल और वाहन प्रदूषण से जुड़े कई लक्ष्यों में भी कमी दर्ज की गई.
पंजाब में 22,500 फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के लक्ष्य के मुकाबले सिर्फ 19,890 मशीनें काम कर रही हैं. वहीं, 632 कस्टम हायरिंग सेंटर के लक्ष्य के मुकाबले 378 ही काम करते पाए गए. हरियाणा में फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों का लक्ष्य पूरा हुआ, लेकिन पराली से बने पेलेट और ब्रिकेट के इस्तेमाल का लक्ष्य केवल 35 प्रतिशत पूरा हुआ. पंजाब में यह आंकड़ा 53 प्रतिशत रहा.
CAQM के रिपोर्ट कार्ड में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को संतोषजनक माना गया है. 75 से 100 प्रतिशत से कम उपलब्धि को सुधार की जरूरत और 75 प्रतिशत से कम उपलब्धि को असंतोषजनक श्रेणी में रखा गया है. अक्टूबर तक की रिपोर्ट अलग-अलग मानकों पर राज्यों का प्रदर्शन दिखाती है. इसमें अभी कोई समग्र राज्यवार रैंकिंग नहीं दी गई है. आयोग जनवरी 2027 में साल 2026 का अंतिम रिपोर्ट कार्ड जारी करेगा. इससे पहले राज्यों के पास प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधूरे लक्ष्यों पर को पूरा करने का अवसर है.
