एशिया के प्रमुख फार्मा हब बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) में गुप्त नेटवर्क के जरिये नकली दवाओं का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के लालच में गिरोह नामी कंपनियों की आड़ में लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में पुलिस और विभाग ने यहां 12 मामले पकड़कर 22 गिरफ्तारियां की हैं, लेकिन नियमित निगरानी की कमी से यह धंधा पूरी तरह थम नहीं पा रहा है। बद्दी में बड़ी कंपनियों के साथ छोटी औद्योगिक इकाइयां भी कार्यरत हैं। इन्हीं की आड़ में शातिर लोग नामी कंपनियों के ब्रांड से मिलते-जुलते एल्युमिनियम फॉयल छपवाते हैं।