जिले के मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत टुंकलिया की नवनिर्वाचित सरपंच शैलूकंवर राजपुरोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती जानकारी में एयरगन की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से छर्रे लगने की बात सामने आई थी लेकिन अब नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर हत्या की आशंका जताई है। इस मामले के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार शैलूकंवर राजपुरोहित के परिवार में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान वे घर में एयरगन की सफाई कर रही थीं। बताया गया कि अचानक एयरगन चलने से निकले छर्रे उन्हें लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जोधपुर लेकर रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सांसद ने विवाद में गोली मारने की आशंका जताई
घटना को लेकर सांसद हनुमान बेनीवाल ने दुख जताते हुए कहा कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार एक विवाद के दौरान शैलूकंवर को गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आएंगी।
ये भी पढ़ें: कूनो से भागा चीता राजस्थान पहुंचा: भरतपुर के बयाना में डेरा; पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू
सांसद बेनीवाल ने राजस्थान पुलिस के महानिदेशक (DGP) से दूरभाष पर बातचीत कर मामले की तत्काल उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की। उन्होंने जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में करवाने पर जोर दिया। साथ ही नागौर जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
बता दें शैलूकंवर हाल ही में सरपंच निर्वाचित हुई थीं। उनके निधन से गांव में शोक का माहौल है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि मौत एयरगन से हुए हादसे का परिणाम थी या इसके पीछे कोई विवाद और आपराधिक घटना थी। फिलहाल सांसद की ओर से जताई गई आशंका को जांच का निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।