जिला मुख्यालय स्थित एक न्यायालय की फाइलों से चेक चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। चेक अनादरित होने के तीन प्रकरणों से जुड़ी फाइलों से 25 लाख रुपए के असली चेक चुराकर उनकी रंगीन फोटोकॉपी फाइल में लगा दी गई। घटना को लेकर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया है।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार परिवादी अनिल कुमार व्यास ने एक जमीन का विक्रय विभूति जैन पत्नी अक्षय जैन को किया था। बदले में व्यास को चेक दिए गए थे। बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने से ये चेक बाउंस हो गए। इस पर व्यास ने धारा 138 एनआई एक्ट के तहत तीन प्रकरण दर्ज कराए, जो अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट बांसवाड़ा के न्यायालय में लंबित हैं।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: कोटा में अदालत परिसर बना जंग का मैदान, साले ने बहनोई पर किया जानलेवा हमला
फाइलों से चेक गायब
प्रकरण दर्ज कराने के साथ ही मूल चेक फाइलों में लगाए गए थे। इसमें दो चेक 10-10 लाख एवं एक चेक 5 लाख रुपए का था। कुल 25 लाख के चेक तीन प्रकरणों की फाइलों में लगाए गए, किंतु तीनों ही चेक प्रकरण से जुड़ी फाइलों से गायब हो गए। असल चेक की बजाए इन चेक की हूबहू रंगीन फोटोकॉपी फाइलों में लगा दी गई।
शिकायत के बाद एफआईआर
न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण की फाइलों से लाखों रुपए के चेक गायब होने की शिकायत पिछले दिनों न्यायिक अधिकारियों से की गई। इस पर अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट बांसवाड़ा ने जांच की तो मामला अत्यंत गंभीर पाया गया। इसके बाद अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अपने रीडर को प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए। जिसक बाद रीडर ने कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।