पहले काटें साग, फिर कढ़ाही में डालें 4 चीजें, ऐसे बनाएं लाजवाब चने की भाजी, सेहत का खजाना
पहले काटें साग, फिर कढ़ाही में डालें 4 चीजें, ऐसे बनाएं लाजवाब चने की भाजी
Last Updated:
Chana Bhaji Recipe : सर्दियों में सरसों का साग और बाजरे की रोटी का चलन पंजाब-हरियाणा में बहुत ज्याद है. इसी सीजन में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़, राजस्थान में चने की भाजी खूब बनाई जाती है. ज्वार-बाजरे की रोटी और चने की भाजी, मूली की चटनी का स्वाद आत्मा को तृप्त कर देता है. चने की भाजी में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर होते हैं. यह इम्युनिटी मजबूत करती है. इसमें आयरन और फोलेट भी प्रचर मात्रा में होता है. चने की भाजी को बनाना बहुत आसान है. आइये जानते हैं इसकी सबसे आसान रेसिपी..
साग खाने का मजा सर्दियों में ही आता है. सर्दियों में सरसों का साग-मक्के की रोटी तो आपने खूब खाई होगी लेकिन एक बार चने का साग (चना भाजी) भी बनाकर देखिए. इसे मध्य प्रदेश, बुंदेलखंड, यूपी, छत्तीसगढ़ में सर्दियों में खूब बनाकर खाते हैं. इसे चने की भाजी कहते हैं. चना भाजी में सेहत का खजाना है. इसमें फाइबर की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. कैलोरी बहुत कम होती है, इसलिए वजन घटाने में मदद मिलती है. आंखों की रोशनी बढ़ाती है. त्वचा में निखार लाती है, बालों को मजबूत करती है. चना भाजी कैसे बनाते हैं, आइये जानते हैं…..
चना भाजी बनाने के लिए ताजी भाजी लीजिए. भाजी जब खरीद रहे हों तो यह देख लीजिए कि यह मुलायम हो. आसानी से ठंडल टूट जाएंगे. ताजी भाजी का स्वाद ही कुछ और होता है. चना भाजी को हंसिये से काटना सबसे अच्छा होता है. अगर घर पर हंसिया न हो तो इसे चाकू की मदद से बारीक काट लें. भाजी जितनी बारीक कटेगी, उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी. भाजी को काटने के बाद साफ पानी से धो लें. अब एक कढ़ाही लीजिए. कढ़ाही में दो बड़ी चम्मच सरसों तेल डालिए. एक चम्मच जीरा-चावल का तड़का लगाएं. फिर दो गिलास पानी डालें. जब पानी गर्म हो जाए तो इसमें दो-तीन बड़ी चम्मच मूंगदाल डालें. जब उबाल आ जाए तो इसमें भाजी डाल दीजिए.
भाजी को पकने दीजिए. भाजी बनाते समय कढ़ाही को न ढंकें. मूंगदाल बहुत जल्दी पकती है. तीन-चार मिनट बाद एक छोटी सी कटोरी में दो चम्मच गेहूं का आटा लीजिए. इसमें थोड़ा पानी मिलाकर घोल बना लीजिए. इस घोल को भाजी में मिला दें. इससे भाजी में थिकनेस आ जाएगी. अब भाजी को फिर से 3-4 मिनट अच्छे से पकने दें. अब अदरक, लहसुन की तीन-चार कलियां, दो हरी मिर्च और धनिया को सिल-बट्टे में बांटकर चटनी बना लें. या फिर मिक्सर में पीस लें. इसे भाजी में मिला दें. भाजी पककर आधी रह जाएगी. इस तरह से चना भाजी तैयार है. इसे बाजरा-मक्के की रोटी, ज्वार की रोटी के साथ खाएं. बहुत ही स्वादिष्ट लगेगी. अगर आपको चटनी न बनानी हो तो सूखी मिर्च-लहसुन का तड़का लगा दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चना भाजी बनाने का एक और आसान तरीका है. कढ़ाही में कटी हुई भाजी डालें. साथ में स्वादानुसार नमक मिलाएं. भाजी के साथ आप बथुआ-पालक भी ले सकते हैं. अब कढ़ाही को परात से ढंक दें. थोड़ी ही देर में भाजी पकने लगेगी. अब इसमें दो चम्मच गेहूं का आटा, या मक्के का आटा, सतुआ जो भी आपको पसंद हो उसे पानी या छाछ में घोलकर मिला दें. अब भाजी को कढ़ाही में अच्छे से 4-5 मिनट तक पकने दें. चार-मिनट बाद इसे कढ़ाही से निकाल लें. अब तड़का लगाएं. एक कढ़ाही में दो बड़ी चम्मच सरसों तेल डालें. फिर इसमें लहसुन, अदरक-जीरा और सूखी मिर्च का तड़का लगाएं. फिर भाजी को इसमें मिला दें. एक-दो मिनट भाजी को अच्छे से मिक्स करके पकाएं. इस तरह से चना भाजी बनकर तैयार हो जाएगी.
चना भाजी बनाने की एक और रेसिपी आप आजमा सकते हैं. कटी हुई भाजी में मक्का-गेहूं या बेसन का दो-तीन चम्मच आटा मिला लें. फिर एक कढ़ाही या भगोना लें. उसे गैस पर रखें और दो-तीन कप पानी डालें. जब पानी गर्म हो जाए तो उसमें भाजी मिला लें. स्वादानुसार नमक मिला लें. भाजी को ढंककर पकाएं. हर दो-तीन मिनट में भाजी को चलाते रहें. 6-7 मिनट बाद भाजी में लहसुन-हरी मिर्च की चटनी को दरदरा पीसकर मिला दें. अच्छे से मिक्स करके फिर इसे पकाएं. अब अंत में इसमें लहसुन-हींग का तड़का लगा दें. इस तरह से आप आसानी से चना भाजी बना सकते हैं.
