पिनगवां :मुख्य बाजार और सड़क से हटाया अतिक्रमण – Pingawan: Encroachments Removed From The Main Market And Road
पिनगवां। कस्बे के मुख्य बाजार और मुख्य मार्ग पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर आखिरकार पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। तीन नवंबर को अमर उजाला में एंबुलेंस और स्कूल बस के करीब 20 मिनट तक जाम में फंसे रहने की खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर खड़ी रेहड़ियों और दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाकर मुख्य मार्ग को खाली कराया गया। साथ ही दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।
मुख्य बाजार में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। कई दुकानदार दुकानों का सामान सड़क तक फैला देते हैं, जबकि दुकानों के सामने रेहड़ियां खड़ी होने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इसके चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
रेहड़ियों से किराया वसूली के आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के सामने रेहड़ियां लगवाकर उनसे किराया वसूलते हैं। थाना प्रभारी निखिल कुमार ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश और लोगों की शिकायतों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। रेहड़ियों से किराया वसूली के आरोपों की भी जांच की जाएगी। कासिम अली, मोहम्मद जफर, हिदायत खान और रफीक खान ने कहा कि अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सरपंच ललिता कुमारी ने कहा कि अतिक्रमण के कारण आमजन के साथ एंबुलेंस और स्कूली बसों को भी परेशानी होती है।
