अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में विदेशी पर्यटकों को राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराने के लिए मेला मैदान में साफा बांधने और तिलक लगाने की अनूठी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 10 से अधिक देशों के करीब 20 कपल ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में मैक्सिको के कपल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि इस कपल ने महज 10 सेकेंड में साफा बांधकर निर्णायकों और दर्शकों को चौंका दिया। वहीं, इटली के कपल ने दूसरा और इंग्लैंड के कपल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान विदेशी पर्यटकों ने एक-दूसरे को राजस्थानी अंदाज में साफा बांधा और तिलक लगाकर भारतीय परंपराओं को करीब से जाना। प्रतिभागियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन के समापन पर विजेता तीनों कपल को सम्मानित किया गया।